रतलाम, मंदसौर जिले में गिरे ओले, फसलों को नुकसान

0
490

TIO BHOPAL

मध्य प्रदेश में दो दिन से बादल-बारिश का मौसम अगले दो दिन और रह सकता है। मंदसौर जिले में मौसम के बिगड़े हालातों के चलते शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भी कई हिस्सों में बारिश हुई। सीतामऊ, शामगढ़ व मल्हारगढ़ तहसील के कई गांवों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। इससे अफीम, गेहूं, चना, मैथी सहित रबी की फसलों में नुकसानी की आशंका जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले 5 से 6 घंटे में प्रदेश भर में कहीं-कहीं भारी बारिश और ओले गिर सकते हैं। ज्यादा असर भोपाल के अलावा ग्वालियर और बुंदेलखंड बेल्ट में रहेगा। 12 जनवरी तक प्रदेश में इसी तरह मौसम रहने की संभावना है। पाकिस्तान से आई नमी भरी हवाओं का दूसरा सिस्टम एक्टिव होने से यह स्थिति बनी है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पोस्ट मानसून के बाद अब तक यह सबसे स्ट्रांग सिस्टम है। इसी कारण प्रदेश भर में ज्यादा पानी गिर रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल, ग्वालियर और बुंदेलखंड पर पड़ रहा है। इसी कारण इन इलाकों में ज्यादा पानी गिर रहा है। रतलाम के ग्रामीण इलाके तीतरी, कलोरी, सेमलिया, नेगडदा, बांगरोद, जड़वासा और सरसी गांव में ओले गिरे हैं। अशोक नगर के शाढ़ौरा क्षेत्र में भी शुक्रवार रात बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे।

यहां तेज पानी गिरने का अलर्ट
अगले 6 घंटे के दौरान भोपाल, रायसेन, विदिशा, सागर, दतिया, श्योपुरकलां, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर और पन्ना में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। हवाओं की रफ्तार 45 किलो मीटर प्रति घंटा रह सकती है।

यहां हल्की बारिश
श्योपुर, सीहोर, अशोकनगर, गुना, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, दमोह, कटनी, रीवा और सतना में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। यहां पर हवाएं 30 किलोमीटर की तरफ्तार से चल सकती हैं।

शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात में सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में शामगढ़ व सीतामऊ तहसील के कई गांवों में ओलावृष्टि हुई है। खेतों में हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर सुवासरा विधायक व पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग ने कलेक्टर गौतमसिंह से चर्चा कर ओलावृष्टि प्रभावित गांव में तत्काल सर्वे कराने को कहा है। मंत्री डंग ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से भी चर्चा कर जानकारी देंगे।