पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी

0
344

मानसून की बारिश में आई 43% की कमी, इस दिन पहुंचेगा उत्तर भारत के राज्यों में

नई दिल्ली

एक तरफ देश में गर्मी जान ले रही है वहीं दूसरी तरफ मानसून की देरी और भी दुखद हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि देशभर में कुल मिलाकर मानसून की बारिश में 43 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। विभाग ने कहा कि चक्रवात “वायु” के कमजोर पड़ने के कारण मानसून उत्तर भारत में दो-तीन दिन में दस्तक दे सकता है।

जानकारी के अनुसार मौसम विभाग के सेंट्रल डिवीजन के मुताबिक मध्य प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा में 59 फीसदी की बारिश में कमी दर्ज की गई जबकि पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी भारत में वर्षा में 47 फीसदी की कमी दर्ज की गई। पश्चिमी उपखंडों तथा पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में यह कमी क्रमशः 75, 70 और 72 फीसदी रही। विदर्भ में 87 प्रतिशत तक बारिश में कमी दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब तक मानसून को मध्य भारत के अधिकांश भागों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा गुजरात तक पहुंच जाना चाहिए था, लेकिन यह अभी महाराष्ट्र तक भी नहीं पहुंचा है। मानसून अभी तक दक्षिण भारत के मेंगलुरु तथा उसके आसपास के इलाकों के साथ-साथ उत्तर पूर्वी भारत के अगरतला तक ही सीमित है।

मौसम विभाग के मुताबिक देश के पश्चिमी तट महाराष्ट्र से लेकर गुजरात तक चक्रवात के कारण बारिश हो रही है। मानसून के कारण केवल तटीय कर्नाटक तथा केरल में ही वर्षा हो रही है। केरल में आठ जून को मानसून आया था जो अपने समय से करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचा था। मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक देवेंद्र प्रधान ने कहा कि चक्रवात “वायु” के कारण मानसून कमजोर पड़ गया था। अब हमें उम्मीद है कि यह दो से तीन दिन के अंदर फिर मजबूती पकड़ेगा।

तेलंगाना में 20 और आंध्र में 18 जून को पहुंचेगा मानसून
मौसम बिभाग के मुताबिक तेलंगाना में 20 जून के आसपास और आंध्र प्रदेश में 18 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। चक्रवात “वायु” के कारण मानसून के यहां पहुंचने में विलंब हुआ है।

मध्यप्रदेश में भी हवाएं तेज चलने व बिजली गिरने के आसारमौसम विभाग ने रविवार को कहा कि सोमवार को उत्तराखंड में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिर सकती है। आंधी और तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे की हो सकती है।

विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वी राजस्थान, झारखंड तथा बिहार में भी बिजली गिरने तथा 40 से 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, अंडमान निकोबार एवं उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी दी है।