बैंकॉक में वसंत पंचमी पर गूंजेगी हिंदी कविता, बैनर-पोस्टर से पटी थाइलैंड की राजधानी

0
86

बैंकॉक/नई दिल्ली

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में इस वर्ष वसंत पंचमी का उत्सव बेहद खास और यादगार होने जा रहा है। हिंदी कविता प्रेमियों के लिए बसंत पंचमी का यह पर्व एक साहित्यिक महाकुंभ का रूप लेने वाला है। बसंत पंचमी के अवसर पर बैंकॉक के प्रतिष्ठित एस एफ सिनेमा, सेंट्रल वर्ल्ड में आयोजित ‘काव्य कुंभ’ में हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी टीम के साथ शिरकत करेंगे।


शुक्रवार शाम आयोजित होने वाले इस भव्य कवि सम्मेलन को लेकर थाईलैंड में बसे हिंदी प्रेमियों और प्रवासी भारतीयों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बैंकॉक के प्रमुख मॉल्स, सड़कों और मेट्रो स्टेशनों पर बसंत पंचमी से पहले ही हिंदी का रंग चढ़ चुका है। शहर के कोने-कोने में डॉ. कुमार विश्वास और ‘काव्य कुंभ’ के पोस्टर नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि वसंत पंचमी के दिन ही डॉ. कुमार विश्वास का तिथिवार जन्मदिन भी होता है। ऐसे में उम्मीद है कि इस मंच से श्रोताओं को उनकी चर्चित रचनाओं के साथ-साथ कुछ नई और विशेष प्रस्तुतियां भी सुनने को मिल सकती हैं, जो इस शाम को और भी यादगार बना देंगी।
आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कवि सम्मेलन में डॉ. कुमार विश्वास के अलावा हिंदी कविता के अन्य प्रतिष्ठित और लोकप्रिय हस्ताक्षर भी मंच साझा करेंगे। इनमें आशीष अनल, रमेश मुस्कान, दिनेश बावरा, सुदीप भोला जैसे नामी कवियों के साथ प्रवीण पांडे, साक्षी तिवारी और एकाग्र शर्मा जैसे युवा कवि भी शामिल हैं। तीनों युवा कवि ‘केवी शाला’ से निकलकर देश के अलग-अलग हिस्सों में होते हुए अब विदेश में भी हिंदी कविता को पहुंचाने को तैयार हैं।
आपको बता दें कि बैंकॉक में आयोजित होने वाला ‘काव्य कुंभ’ थाइलैंड में रहने वाले भारतवंशियों के लिए एक उत्सव की तरह होता है। पूरे थाइलैंड से लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने और डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए बैंकॉक पहुंचते हैं।