यात्री नहीं मिले तो SpiceJet बंद करेगा भोपाल से इन शहरों की उड़ानें

0
347

TIO भोपाल

बजट एयरलाइंस स्पाइस जेट ने भोपाल से सूरत, शिर्डी एवं बेंगलुरु उड़ान बंद करने की तैयारी कर ली है। मुंबई उड़ान भी विंटर शेड्यूल से बाहर हो गई है। शिर्डी एवं सूरत तक पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के कारण कंपनी को यह निर्णय लेना पड़ा है। इस बीच प्रबंधन ने कहा है कि विंटर शेड्यूल लागू होने से पहले उड़ानों की समीक्षा की जाएगी। फिलहाल इन उड़ानों की बुकिंग 26 अक्टूबर के बाद की तारीखों में नहीं की जा रही है।

कंपनी ने भोपाल से पहली बार शिर्डी एवं सूरत तक उड़ान शुरू करने का साहस दिखाया था। इस रूट पर कंपनी 78 सीटों वाले क्यू-400 बोंबार्डियर विमान चला रही थी। शुरुआती दौर में तो इस रूट पर कंपनी को 90 फीसदी तक लोड मिला। फिर यात्री कम होते चले गए। बाद में शिर्डी उड़ान को बेंगलुरु से जोड़ दिया गया। भोपाल से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को सस्ते किराए में सीट मिल रही थी, लेकिन समय अधिक लग रहा था क्योंकि विमान वाया शिर्डी जा रहा है। इंडिगो की बेंगलुरु तक डायरेक्ट उड़ान शुरू होने के बाद स्पाइस जेट से जाने वाले यात्री और कम हो गए।

सूरत उड़ान का शेड्यूल पसंद नहीं आया

भोपाल से सूरत उड़ान की मांग बरसों से की जा रही थी, लेकिन भोपाल के यात्रियों को इस उड़ान का शेड्यूल पसंद नहीं आया। कपड़ा व्यापारी लंबे समय से शेड्यूल बदलने की मांग कर रहे थे। वर्तमान में उड़ान शाम 6.55 बजे भोपाल से रवाना होकर रात्रि 8.20 बजे सूरत पहुंचती है। व्यापारी चाहते थे की सुबह सूरत जाए और शाम को वापस आ जाए।

मुंबई उड़ान का निर्णय चौंकाने वाला

कंपनी ने 26 अक्टूबर के बाद की तारीखों में शिर्डी, सूरत, बेंगलुरु के साथ ही मुंबई उड़ान की बुकिंग भी बंद कर दी है। यह निर्णय चौंकाने वाला माना जा रहा है। डीजीसीए के आंकड़ों के मुताबिक भोपाल से मुंबई व दिल्ली तक सर्वाध्ािक यात्री सफर करते हैं। इसके बावजूद उड़ान क्यों बंद की जा रही है यह समझ से बाहर है। यह भी कहा जा रहा है कि विंटर शेड्यूल में बोइंग विमान की जगह छोटा विमान शुरू किया जा सकता है। यात्री संख्या के लिहाज से शिर्डी, सूरत से भी कम उदयपुर जाने वालों की संख्या है, लेकिन इस उड़ान की बुकिंग अभी बंद नहीं हुई है। भोपाल मुंबई रूट पर वर्तमान में एयर इंडिया की दो, इंडिगो की दो एवं स्पाइस जेट की एक उड़ान है।

बदलाव हो सकते हैं, विंटर शेड्यूल से पहले समीक्षा होगी भोपाल से कुछ रूट पर उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव की बात चल रही है। विंटर शेड्यूल लागू होने से पहले शेड्यूल की समीक्षा होगी। मुंबई उड़ान विंटर में जारी रह सकती है।

– वीजी अरविंद, एयरपोर्ट मैनेजर स्पाइस जेट