महाराष्ट्र की 48 सीटों में भाजपा को 23, शिवसेना का 18 सीटों पर कब्जा

0
226

मुंबई

लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे भाजपा और सहयोगी दलों के लिए अच्छी खबर लेकर आए हैं। इस बार महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में भाजपा को 23, शिवसेना को 18, एनसीपी को 4, कांग्रेस को एक, एआईएमआईएम को एक और निर्दलीय को एक सीट मिली है। महाराष्ट्र में नितिन गडकरी, उर्मिला मातोंडकर, प्रिया दत्त, मिलिंद देवड़ा और पूनम महाजन जैसे हाईप्रोफाइल नेताओं की किस्मत दांव पर लगी थी। कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर, प्रिया दत्ता, मिलिंड देवड़ा हार गए।

नागपुर से गडकरी जीते
महाराष्ट्र की नागपुर सीट पर इस बार बीजेपी बनाम कांग्रेस का दिलचस्प मुकाबला रहा है। बीजेपी ने यहां से मौजूदा सांसद नितिन गडकरी को ही टिकट दिया, जो 2.48 लाख वोटों से विजयी रहे हैं। बताते चलें कि आरएसएस के मुख्यालय वाले इस शहर में नितिन गडकरी खासे लोकप्रिय नेता हैं। कांग्रेस ने नाना पटोले को उम्मीदवार बनाया था।

चंद्रपुर लोकसभा सीट पर हंसराज गंगाराम अहीर जीते
चंद्रपुर सीट महाराष्ट्र की महत्वपूर्ण लोकसभा सीटों में से एक है। यहां से भाजपा ने हंसराज गंगाराम अहीर को टिकट दिया है। हंसराज साल 2014 में भी इस सीट से जीत चुके है। पार्टी ने अहीर पर इस बार भी भरोसा जताया और वह 44 हजार 763 वोटों से जीत गए हैं।

मुंबई दक्षिण में कांग्रेसी मिलिंद देवड़ा, शिवसेना के अरविंद सावंत से हारे
मुंबई की महत्वपूर्ण लोकसभा सीटों में से एक दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और शिवसेना के बीच देखने को मिला है। कांग्रेस ने यहां से मिलिंद देवड़ा और शिवसेना ने वर्तमान सांसद अरविंद सावंत पर दांव खेला था। सावंत एक लाख 67 मतों से विजयी हुए हैं।

पूनम महाजन और प्रिया दत्त के बीच कांटे का मुकाबला हुआ
मुंबई की उत्तर मध्य लोकसभा सीट पर इस बार कांटे का मुकाबला था। साल 2014 में इस सीट से जीतने वाली पूनम महाजन को भाजपा ने दोबारा टिकट दिया है, वहीं कांग्रेस ने प्रिया दत्त को मैदान में उतारा है। साल 2014 में पूनम ने इस सीट से प्रिया दत्त को ही लगभग 2 लाख मतों से हराया था। इस बार पूनम महाजन ने एक लाख 30 हजार मतों से जीत हासिल की है।

बारामती सीट पर सुप्रिया सुले ने जीता चुनाव
एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे शरद पंवार की बेटी सुप्रिया सुले पुणे की बारामती सीट से मैदान में हैं। सुप्रिया साल 2014 में भी इस सीट से सांसद रह चुकी हैं। बारामती को पंवार परिवार का गढ़ माना जाता है। उन्होंने एक लाख 55 हजार 774 वोटों से जीत हासिल की है।

2014 के चुनाव नतीजे:
मोदी लहर के बीच साल 2014 में महाराष्ट्र की कुल 48 सीटों में से भाजपा को 23, शिवसेना को 18 और राजू शेट्टी को एक सीट मिली थी, जबकि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी को 4 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत हासिल की थी। पिछले लोकसभा चुनाव में शेट्टी भाजपा-शिवसेना के साथ थे। इस बार के चुनाव में शेट्टी कांग्रेस-राकांपा महागठबंधन के साथ है।