मानव अधिकार हनन के मामले में शिवपुरी, राजगढ़ एसपी को नोटिस, भोपाल डीआईजी से मांगा जवाब

0
528

भोपाल। मानव अधिकार हनन के अलग-अलग मामलों में राज्य मानव अधिकार आयोग ने शिवपुरी, सिवनी, राजगढ़ कलेक्टर, एसपी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं भोपाल डीआईजी को नोटिस जारी कर प्रतिबेदन तलब किया है। आयोग ने जिला अफसरों से पूछा है कि प्रकरणों में जांच पड़ताल में लेटलतीफी क्यों होती है। साथ ही अस्पतालों में जरूरी दवाएं नहीं होने पर जिला प्रशासन से जवाब मांगा है।
In the case of human rights abuses, notice to Shivpuri, Rajgarh SP, respond to Bhopal DIG
आयोग ने शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के ग्राम छितीपुर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका द्वारा कक्षा सातवीं के छात्र अभिषेक प्रजापति द्वारा उससे पूछे गए प्रश्नों का उत्तर न दे पाने पर छात्र के साथ मारपीट कर उसे मुर्गा बनाने के मामले में एसपी शिवपुरी एवं जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी से जवाब मांगा है।

वहीं शिवपुरी के बैराढ़ में ही स्वास्थ्य केन्द्र में एक माह से एंटी रेबीज वैक्सीन इंजेक्शन नहीं होने एवं शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र कोलारस में सिरिंज, ड्रिप, एएसबी इंजेक्शन नहीं होने पर कलेक्टर एवं सीएमएचओ से जवाब मांगा है।

बुजुर्ग को जेल भेजने पर राजगढ़ एसपी को नोटिस
राजगढ़ जिले के कचनारिया गांव में पंचायत विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान गांव के एक विकलांग और बुजुर्ग व्यक्ति को शौचालय न बनवाने के मामले में धारा 151 के अन्तर्गत जेल भेज देने के मामले में संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक राजगढ़ एवं सीईओ जिला पंचायत राजगढ़ से दो सप्ताह में प्रतिवेदन मांगा है।

सिवनी कलेक्टर से मांगा जवाब
आयोग ने सिवनी जिले के ग्राम कुड्डों में निमाणार्धीन पानी की टंकी से गिरकर मजदूर की मौत हो जाने के मामले में संज्ञान लेकर कलेक्टर सिवनी से प्रतिवेदन तलब कर पूछा है कि क्या मृतक के परिवारजन को कोई मुआवजा राशि दी गई है या प्रस्तावित है

लूट के मामले में भोपाल डीआईजी से मांगी रिपोर्ट
राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा रेलवे कर्मचारी के घर में घुसकर महिला को धमकाकर लूटपाट किये जाने के मामले में संज्ञान लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक भोपाल से पंजीबद्ध अपराध की एफआईआर की प्रति सहित अनुसंधान का प्रगति प्रतिवेदन मांगा है।