IND VS SA 2nd test: पहले दिन भारत का स्कोर 273/3, मयंक द.अफ्रीका के खिलाफ लगातार 2 शतक लगाने वाले दूसरे ओपनर,

0
198

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच की पहली पारी में 3 विकेट पर 273 रन बना लिए। टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मयंक अग्रवाल ने लगातार दूसरा शतक लगाते हुए 108 रन की पारी खेली। उन्होंने पिछले टेस्ट में 215 रन बनाए थे। मयंक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाने वाले दूसरे ओपनर हैं। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने 2010 में दो टेस्ट की सीरीज में ऐसा किया था। उन्होंने नागपुर में 109 और कोलकाता में 165 रन की पारी खेली थी।

दिन का खेल खत्म होने तक कोहली 63 और अजिंक्य रहाणे 18 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। इससे पहले मयंक अग्रवाल ने 195 गेंद की पारी में 16 चौके और 2 छक्के लगाए। चेतेश्वर पुजारा 58 रन बनाकर आउट हुए। दोनों को कगिसो रबाडा ने फाफ डुप्लेसिस के हाथों ही कैच कराया। इससे पहले रबाडा ने रोहित शर्मा को भी पवेलियन भेजा था। रोहित 14 रन बनाकर क्विंटन डीकॉक को कैच थमा बैठे थे।

चौथी बार एक सीरीज में भारतीय ओपनर्स के 4 शतक

साल किसके खिलाफ कहां खेला गया
1970-71 वेस्टइंडीज वेस्टइंडीज
1978-79 वेस्टइंडीज भारत
2009-10 श्रीलंका भारत
2019-20 दक्षिण अफ्रीका भारत

पुजारा-मयंक ने 138 रन की साझेदारी की

पुजारा-मयंक ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने 138 रन की साझेदारी की। पुजारा ने करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। रोहित जब आउट हुए थे, तब टीम इंडिया का स्कोर 25 रन था। इसके बाद 163 रन पर भारत को दूसरा झटका लगा।

पुजारा

कोहली ने गांगुली को पीछे छोड़ा
कोहली का कप्तान के तौर पर ये 50वां टेस्ट है। वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे भारतीय कप्तान हैं। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने 2008 से 2014 तक 60 मैच में कप्तानी की थी। वहीं, सौरव गांगुली ने 2000 से 2005 तक 49 मैच में टीम का नेतृत्व किया था।

हनुमा विहारी की जगह उमेश यादव भारतीय टीम में

भारतीय ऑलराउंडर हनुमा विहारी की जगह उमेश यादव को अंतिम एकादश में जगह मिली। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने एक बदलाव करते हुए डेन पीट की जगह एनरिच नोर्त्जे को टीम में शामिल किया।

स्कोरकार्ड : भारत पहली पारी

बल्लेबाज रन गेंद 4s 6s
मयंक अग्रवाल कै. डुप्लेसिस बो. रबाडा 108 195 16 2
रोहित शर्मा कै. डीकॉक बो. रबाडा 14 35 1 0
चेतेश्वर पुजारा कै. डुप्लेसिस बो. रबाडा 58 112 9 1
विराट कोहली नाबाद 63 105 10 0
अजिंक्य रहाणे नाबाद 18 70 3 0

रन : 273/3, ओवर : 85.1, एक्स्ट्रा : 12.

विकेट पतन : 25/1, 163/2, 198/3.

गेंदबाजी : वर्नोन फिलैंडर: 17-5-37-0, कगिसो रबाडा: 18.1-2-48-3, एनरिच नोर्त्जे: 13-3-60-0, केशव महाराज: 29-8-89-0, सेनुरान मुथुसामी: 6-1-22-0, डीन एल्गर: 2-0-11-0.