जम्मू कश्मीर: पुलवामा में सेना के साथ मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर, एक जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

0
217

TIO जम्मू

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बल ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के बुंडजू में मंगलवार सुबह घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की और मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर हो गए।

आतंकियों के पास से दो एके- 47 भी बरामद हुई हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक अभी सर्च ऑपरेशन जारी है।

वहीं इससे पहले पुलवामा के त्राल में आतंकियों ने सोमवार रात सीआरपीएफ कैंप के समीप ग्रेनेड से हमला किया था। इस दौरान आतंकियों की ओर से भारी फायरिंग भी की गई। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में इलाके की घेराबंदी की साथ ही तलाशी अभियान चलाया।

बता दें कि सुरक्षाबलों की ओर से लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन और मिल रही सफलता से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। लोगों में दहशत पैदा करने के लिए आतंकवादी इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं सेना आतंकियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।