भोपाल। कांग्रेस और सेवादल के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एलान किया है कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए विश्वास का माहौल तैयार किया जाएगा। कृषि हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, किसानों के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने के लिए वचन पत्र को पूरा किया जाएगा। युवाओं को रोजगार एवं काम दिलाने के प्रयास होंगे।
Kamal Nath declares, will create a boost in investment in the state.
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के 133वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस का ध्वज फहराया। किसानों की कर्जमाफी के लिए किसान कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस की स्थापना नहीं होती तो क्या देश आजाद हो पाता।
जो लोग राष्ट्रवाद का दम भरते हैं उन्हें चुनौती है कि एक भी स्वतंत्रता सेनानी का नाम बता दें। हम उस कांग्रेस परिवार के सदस्य हैं जिसने देश को आजादी ही नहीं दिलाई बल्कि यह भी बताया कि देश को जोड़कर कैसे चलाया जाता है। आज पूरा देश तिरंगे के नीचे एकजुट खड़ा है, देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश को एक झंडे के नीचे लाने की नींव डाली थी। पूरा विश्व हमारी ओर देखता है यह कांग्रेस का नजरिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी 70 फीसदी अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है, किसानों की क्रय शक्ति बढ़ाई जाएगी। युवा पीढ़ी का सपना और भविष्य सुरक्षित रहे इसके लिए रोजगार बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

