सुधीर निगम
‘लाड़ली बहना योजना’ सुनने में अच्छा लगता है। राजनीतिक गलियारों से लेकर चौक-चौपाल तक इन दिनों बस इसी की चर्चा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना पत्ता फेंक दिया है। इसकी काट के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ नई योजना का हल्ला मचाये हैं। योजना की थोड़ी पड़ताल की जाए तो दिमाग के कुछ जाले साफ हो सकते हैं। योजना की घोषणा से पहले तो ऐसा लगा कि सभी महिलाओं को एक हजार रुपए महीना मिलने वाला है। फिर साफ हुआ कि ऐसा नहीं है। प्रदेश में करीब 4 करोड़ महिला आबादी है। इसमें से बमुश्किल 60-65 लाख आबादी को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। यह मैं बिना किसी आधार के नहीं कह रहा। सरकार ने इस योजना के लिये जो बजट प्रस्ताव किया है, उस पर गौर करें तो मामला कुछ समझ सकते हैं। बजट में इसके लिए 8000 करोड़ का प्रावधान है। यदि पात्र महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने हैं, तो साल भर में उसके लिए 12 हजार रुपए की व्यवस्था होगी। इस हिसाब से 8000 करोड़ रुपए से करीब 66 लाख महिलाओं को यह राशि दी जा सकती है।
अब कोई कहेगा राशि तो जून से दी जाएगी, उस स्थिति में भी यह रकम 80 लाख महिलाओं के लिए ही होगी। ये आंकड़े भी तब, जब पूरी राशि सिर्फ बांटने में लगा दी जाए। अब 8000 करोड़ की योजना है और चुनाव सिर पर है, तो इसके इवेंट नहीं होंगे क्या? उसकी राशि कहाँ से आएगी? इसमें लगने वाले सरकारी अमले का खर्च, योजना का प्रचार-प्रसार, उसके अन्य खर्चे की व्यवस्था भी तो करना पड़ेगी।
प्रदेश के पाँच करोड़ 40 लाख मतदाताओं में से दो करोड़ 60 लाख महिलाएं हैं। इनमें से 25 से 30 फीसदी को तो इसका लाभ मिलेगा। इसका मतलब शिवराज ने सीधे-सीधे इतनी महिलाओं के वोट खींच लिए। इसका दूसरा पहलू देखिए कि जिन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा, क्या वो नाराज होंगी? इनकी संख्या लाभ पाने वाली महिलाओं से बहुत ज्यादा रहेगी। कांग्रेस अगर इन महिलाओं के मन में यह बात भर दे कि उनके साथ नाइंसाफी हुई है, तो ‘गेम’ हो जाएगा। लेकिन, कमलनाथ तो डेढ़ हजार रुपए की स्कीम बता रहे हैं। हालाँकि साथ में यह भी कह तो रहे ही हैं कि लाड़ली बहना योजना में महिलाओं को शामिल करने से ज्यादा बाहर रखने का काम किया गया है। पर यहाँ एक और गौर करने वाली बात है कि जिस वर्ग को इस लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा, वह चुनाव में शर्तिया वोट डालने के लिए घर से निकलता है।
लाड़ली बहना योजना ‘गेम चेंजर’ साबित होगी या शिवराज ने ‘गेम’ कर दिया, ये तो जल्द ही मालूम पड़ेगा।