भोपाल। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने बैलगाड़ी यात्रा निकाली। वहीं मध्यप्रदेश में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर जहां एक तरफ शिवराज सरकार लगातार घिरती जा रही है, तो कांग्रेस भी लगातार हमलावर है। ऐसे में सरकार का बचाव करते हुए सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया है।
Lal Singh Arya kicked off at Scindia-Kamal Nath: said- gimmicks roaming in bullock cart
लाल सिंह का कहना है कि कांग्रेस ने किसानों के हित में कोई ठोस काम नहीं किया है। भाजपा सरकार ही है जो किसान हित में लगातार काम कर रही है। कांग्रेस केवल देश के लोगों को भड़काने के षडयंत्र के अलावा और कोई काम नहीं कर रही है। मंत्री ने पूछा कि कांग्रेस ने देश और किसान हित में कौन से ऐतिहासिक काम किये हैं। कांग्रेस ने किसानों को कभी बोनस नहीं दिया। कांग्रेस से पूछा कि यह बताये कि कांग्रेस ने मप्र में किसानों का कर्जा कब माफ किया।
उन्होंने जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को कर्ज क्यों नहीं दिया उन्होंने किसानों को पर्याप्त बिजली क्यों नहीं दी। आज भी किसान कर्ज में दब रहा है तो पिछले 60 साल के राज में कांग्रेस ने क्या किया है। साथ ही कहा कि, मप्र का किसान जानता है कि भाजपा ने ही उनके लिए काम किया है। इसलिए मप्र का किसान न तो कांग्रेस के आंदोलन में जा रहा है और न उनके बहकावे में आ रहा है।
पेट्रोल और डीजल को लेकर राजधानी भोपाल में किये गए ज्योतिरादित्य और कमलनाथ के प्रदर्शन को लेकर मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि जो कभी एसी गाड़ियों से नीचे नहीं उतरते वे बैलगाड़ी से चलने का नाटक कर रहे हैं। साथ ही कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उद्योगपतियों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। ज्योतिरादित्य उद्योगपतियों के मित्र हैं किसानों के नहीं। ये मप्र का किसान जानता है।