प्रयागराज (इलाहाबाद)। कुंभ मेले का आज तीसरा और अंतिम शाही स्नान है। वसंत पंचमी के पवित्र मौके पर मध्यरात्रि से श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान शुरू कर दिया। शाही स्नान के लिए सुबह सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री पंचायती अटल अखाड़ा अपने शिविर से निकले। हर-हर महादेव, जय श्रीराम के उद्घोष के साथ दोनों अखाड़ों के संत कतारबद्ध होकर संगम पहुंचे। सुबह 6:15 बजे महानिर्वाणी और अटल अखाड़ा के संतों ने संगम घाट पर तीसरा शाही स्नान किया। इसके बाद श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, तपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़ा, जूना, आवाहन और अग्नि अखाड़ा के संतों ने शाही स्नान किया। भोजपुरी फिल्म स्टार व भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी संगम पहुंचे हैं।
Last Shahi Bath: So far 50 lakh pilgrims have done immortal bath with seven akharkas
मेला प्रशासन का दावा है कि सुबह नौ बजे तक 50 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। आज तीन करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे, ऐसी संभावना है। अब निर्वाणी अनि, दिगंबर, श्री पंच निर्मोही अनि, श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन और सबसे अंत में श्री पंचायती अखाड़ा निर्मला के साधु-संत स्नान के लिए संगम के घाट पर पहुंचेंगे। सभी अखाड़ों को अमरत्व स्नान के लिए 40-40 मिनट का समय दिया गया है। स्नान के लिए 41 घाट तैयार किए गए हैं।
मेला प्रशासन ने घाटों पर स्नान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। जाल के साथ बैरीकेडिंग की गई है। पैरा मिलिट्री की 15 कंपनियां, आरएएफ, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आईटीबीपी और अन्य अर्धसैनिक बलों की 37 कंपनियां तैनाती की गई हैं। एनडीआरएफ की 11 कंपनियां मुस्तैद हैं। होमगार्ड के 12 हजार जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। 111 घुड़सवार पुलिस घाटों से लेकर संगम तक निगरानी कर रहे हैं।
कल तक वाहनों पर रोक
शहर में नौ फरवरी की रात 12 बजे से दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके अलावा आठ से 11 फरवरी तक चार पहिया वाहन भी नहीं चलेंगे। उधर, मेला क्षेत्र में जरूरी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश शुक्रवार सुबह आठ बजे से ही रोक दिया गया है। जिले में भारी कमर्शियल वाहनों का प्रवेश 8 फरवरी की सुबह 5 बजे से 12 फरवरी की रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।

