देश के इन शहरों में आज रात से लॉकडाउन, होली पर भी कोरोना का साया

0
211

भोपाल में आज रात से लॉकडाउन:सब्जी, दूध समेत जरूरी सामान खरीद रख रहे लोग, सोमवार सुबह 6 बजे तक 32 घंटे का होगा लॉकडाउन

TIO NEW DELHI

क्या देश एक बार फिर लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है? कोरोना के तेजी से बढ़ते केस और लोगों की लापरवाही देखते हुए इस बात की आशंका जताई जा रही है। लोग मास्क पहनने और शारीरिक दूरी का पालन करने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि महाराष्ट्र, पंजाब और मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन लगाया गया है।  मध्यप्रदेश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ते जा रहा है। राजधानी में एक दिन में 345 मामले सामने आए है। संक्रमण को रोकने के लिए सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है। बुधवार से नाइट कर्फ्यू लगाने के बाद सरकार ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर में लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया है। भोपाल में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक 32 घंटे का लॉकडाउन होगा। इसको लेकर लोग भी सुबह सब्जी और किराना की दुकान पहुंचकर जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। इस बार एक दिन के लॉकडाउन होने से लोग ज्यादा परेशान नहीं दिख रहे हैं। हालांकि लोगों का लॉकडाउन को लेकर भय की स्थिति मार्केट खुलने के बाद ही साफ हो पाएगी।

शनिवार सुबह रचना नगर मार्केट में सब्जी की दुकान पर अन्य की दिनों की तुलना में लोग ज्यादा सब्जी खरीदते देखे। सब्जी विक्रेता विनोद गुप्ता ने बताया कि अन्य दिनों की तुलना में लोग आज ज्यादा मात्रा में सब्जी खरीद रहे हैं। यह लॉकडाउन का असर है। लोग ताजी सब्जी तुरंत ले जाते थे। आज दो से तीन दिन के लिए सब्जी ले जा रहे हैं।

वहीं, सब्जी खरीदने आए राजकुमार राय ने कहा कि एक दिन का लॉकडाउन हैं, इसलिए कोई ज्यादा परेशानी वाली बात नहीं है। फिर भी रोजमर्रा की जरूरी चीजें सब्जी, दूध खरीद कर रख रहे हैं। यह तो जनता के हित में ही है। इसे जनता को ही सपोर्ट करना चाहिए।

होली पर कोरोना का साया: इस साल 28 मार्च को होलिका दहन है जब कि 29 मार्च को होली खेली जाएगी, लेकिन लोगों की लापरवाही ने होली के रंग में भंग का काम कर दिया है। अधिकांश राज्य अपने यहां होली के जश्न पर रोक लगाने का मन बना चुके हैं। इस बार भी होली के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक रहेगी। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक कार्यक्रमों के साथ ही नगाड़ा और डीजे पर रोक लगा दी है।

कोरोना महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित महाराष्ट्र एक बार फिर इसकी गंभीर चपेट में फंसता जा रहा है। राज्य में रोजाना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को कहना पड़ गया है कि हालात को काबू में करने के लिए लॉकडाउन भी एक विकल्प है। इस बीच, राज्य सरकार ने थियेटर और ऑडिटोरियम को 31 मार्च तक 50 फीसद क्षमता से चलाने का आदेश दिया है। इस संबंध में शुक्रवार को जारी अधिसूचना में स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर निजी क्षेत्र के दफ्तरों को भी कर्मचारियों की 50 फीसद क्षमता के साथ काम करने को कहा गया है। जबकि, सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तरों के लिए वहां के हेड को कर्मचारियों की संख्या को निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है। उत्पादन इकाइयों को 100 फीसद क्षमता के साथ काम करने की अनुमति होगी। हालांकि, उत्पादन इकाइयों में शारीरिक दूरी को बनाए रखने के लिए अधिक पारियों में काम कराने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रत्येक कर्मचारी के लिए मास्क और इकाई के प्रवेश द्वार पर ही तापमान की जांच करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।