अखिलेश के खिलाफ आजमगढ़ में निरहुआ, सोनिया के खिलाफ दिनेश प्रताप

0
211

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी 16वीं लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिसमें से पांच उत्तर प्रदेश तो एक महाराष्ट्र से हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से सपा के अखिलेश यादव के खिलाफ दिनेश लाल यादव (निरहुआ) को टिकट दिया है। भोजपुरी फिल्म स्टार निरहुआ ने कुछ दिनों पहले ही भाजपा की सदस्यता ली थी।

भाजपा ने समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी से प्रेम सिंह शाक्य को टिकट दिया है। फिरोजाबाद से चंद्र सेन जादौन, कांग्रेस के गढ़ राय बरेली से दिनेश प्रताप सिंह, मछली शहर से वीपी सरोज और महाराष्ट्र के मुंबई नॉर्थ ईस्ट से मनोज कोटक को मैदान में उतारा है। बता दें कि रायबरेली से सोनिया गांधी चुनाव लड़ती आई हैं। दिनेश प्रताप सिंह कांग्रेस से भाजपा में आये हैं।