पार्टी कहेगी तो जरूर चुनाव लड़ूंगी, अभी फोकस कांग्रेस के लिए काम करने पर: प्रियंका

0
327

अमेठी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तरप्रदेश के तीन दिन के दौरे पर बुधवार को लखनऊ पहुंचीं। यहां से वे सड़क मार्ग से अमौसी पहुंचीं। चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रियंका ने कहा, मैंने अभी तक इस पर फैसला नहीं किया है। अगर पार्टी कहेगी तो जरूर चुनाव लड़ूंगी। अभी मेरा फोकस कांग्रेस के लिए काम करने पर है।

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चुनाव के समय ही मंदिर की याद आती है। इस पर प्रियंका ने कहा, उन्होंने कैसे पता कि मैं कब और कहां जाती हूं? क्या वे जानते हैं कि मैं जब चुनाव नहीं होता तो नहीं जाती।

पांच साल बाद अमेठी पहुंचीं प्रियंका

प्रियंका पांच साल बाद अमेठी पहुंचीं। इसके चलते लोगों में रोष भी है। हजारीगंज में महिलाओं ने प्रियंका का स्वागत किया, तभी कुछ युवाओं ने प्रियंका मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रियंका गुरुवार को रायबरेली में चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगी। 29 मार्च को प्रियंका अयोध्या में हनुमान गढ़ी के दर्शन करके रोड शो करेंगी।

कैंसर पीड़ित कार्यकर्ता से की मुलाकात

प्रियंका ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहम्मद लतीफ से मुलाकात की। लतीफ पिछले काफी समय से कैंसर से जूझ रहे हैं। प्रियंका गांधी उनके पास पहुंची और कहा कि हौसले तो आज भी बुलंद हैं। हम आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

1956 बूथ कार्यकर्ताओं को करेंगी संबोधित

अमेठी के एएच इंटर कॉलेज में प्रियंका कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी। इसके साथ ही, कुछ संगठनों के लोगों से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है। प्रियंका रात्रि विश्राम रायबरेली में करेंगी। 28 मार्च की सुबह रायबरेली में प्रियंका कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। दिन भर वह कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों के साथ मीटिंग करेंगी। उनका रात्रि विश्राम यहीं होगा।

कल रायबरेली में रहेंगी प्रियंका

29 मार्च को वह अयोध्या के लिए रवाना होंगी। अयोध्या में वह दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक रहेंगी। इस दौरान उनका रोड शो भी होगा। दो जगह नुक्कड़ सभा को संबोधित भी करेंगी। प्रियंका गांधी अयोध्या के हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना भी करेंगी। इस दौरान उनका संतों से भी मिलने का कार्यक्रम है। शाम 7 बजे प्रियंका अयोध्या से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। रात्रि 9.50 बजे वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

गंगा यात्रा के बाद अब रामनगरी में प्रियंका
प्रियंका गांधी वाड्रा ने 18 मार्च को प्रयागराज के मनैया घाट से गंगा यात्रा की शुरूआत की थी। इस दौरान प्रियंका ने सॉफ्ट हिंदुत्व के जरिए भाजपा को घेरने के लिए बड़े हनुमान की पूजा अर्चना की तो अक्षयवट के दर्शन किया। प्रियंका ने बोट यात्रा कर मंदिर से लेकर मजार पर गई थी। अब प्रियंका रामनगरी अयोध्या का दौरा करेंगी। वे हनुमान गढ़ी में पूजा अर्चना करेंगी। कांग्रेस शासन काल में ही अयोध्या में राम मंदिर का ताला खोला गया, वहीं बाबरी विध्वंस भी कांग्रेस शासन काल में हुआ। 2016 में राहुल गांधी ने अयोध्या का दौरा किया था। अब प्रियंका सॉफ्ट हिंदुत्व का कार्ड खेलकर वोट में सेंधमारी करने की कोशिश में हैं।