मध्य प्रदेश भाजपा में भी शुरू हुआ घमासान, पार्टी से अलग पड़े शिवराज!

0
231

TIO भोपाल

मध्यप्रदेश में बाढ़ प्रभावितों को मदद नहीं मिलने को लेकर कमलनाथ सरकार का घेराव करने उतरी भाजपा अब अपने ही घर में घिरती नज़र आ रही है। सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंदसौर का दौरा करने गए थे। उन्होंने ऐलान किया अगर सरकार ने प्रदेश के बाढ़ प्रभावितों और किसानों की मदद 21 सितंबर तक नहीं की तो वह विरोध प्रदर्शन करेंगे। लेकिन पार्टी ने उनके बयान का समर्थन नहीं किया है। जिस वजह से शिवराज पार्टी से अलग थलग पड़ गए हैं।

मंदसौर पहुंचे पूर्व सीएम शिवराज के बयान के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि पार्टी 20 सितंबर को प्रदेश भर में विधानसभा स्तर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि इस बारे में सभी पदाधिकारियों और जिलाअध्यक्षों को निर्देश भी दे दिए गए हैं। दोनों ही तरफ से कहा गया है कि यह फैसला बाढ़ प्रभावितों का सर्वे करने के बाद लिया गया है। आम आदमी बाढ़ से परेशान है. उन तक सरकारी मदद नहीं पहुंची है.इस वजह से विरोध का फैसला किया गया है।

इस वक्त मध्य प्रदेश का ज्यादातर हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। कई जिलों में किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं. जबकि बाढ़ की वजह से जान माल का भी काफी नुकसान हुआ है. ऐसे में शिवराज सिंह चौहान और राकेश सिंह दोनों नेता प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद शिवराज सिंह चौहान ने संगठन की अनुमति के बिना मध्य प्रदेश में आभार यात्रा निकालने का ऐलान कर दिया था. इसे लेकर संगठन में नाराज़गी भी दिखी. नतीजा बाद में यात्रा निकालने की अनुमति शिवराज को नहीं दी गई और यात्रा स्थगित करनी पड़ी।