TIO मुंबई
कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र सरकार के शीर्ष अधिकारी की ओर से लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां गृह विभाग के प्रधान सचिव (विशेष) के तौर पर पदस्थ आईपीएस अधिकारी अमिताभ गुप्ता ने डीएचएफएल के प्रमोटर कपिल वाधवान और धीरज वाधवान के परिवार के लिए इमरजेंसी पास जारी किया। इसी पास के आधार पर वाधवान फैमिली के 23 लोग बुधवार को 5 गाड़ियों में सवार होकर खंडाला से महाबलेश्वर स्थित अपने फार्महाउस पहुंच गए। उनके साथ गार्ड और रसोइए भी गए हैं। लापरवाही के मामले में आईपीएस गुप्ता को अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में जांच की मांग की थी। इसके अलावा भाजपा नेता किरीट सोमैया ने गुप्ता की ओर से जारी लेटर की कॉपी ट्वीट करते हुए लिखा- उद्धव ठाकरे सरकार वाधवान परिवार को वीवीआईपी ट्रीटमेंट दे रही है।
इसके बाद गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि वाधवान परिवार के 23 सदस्य महाबलेश्वर कैसे पहुंचे इसकी जांच होगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ चर्चा के बाद प्रधान सचिव गुप्ता को उनके खिलाफ जांच जारी रहने तक अवकाश पर भेजा गया है। कानून सभी के लिए समान है।’
देश में कोराना संक्रमण के मरीजों की संख्या 6 हजार 829 हो गई है। आज 112 नए मामले सामने आए। इनमें से मध्यप्रदेश में 36, राजस्थान में 26, गुजरात में 21, पश्चिम बंगाल में 13, महाराष्ट्र में 5, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में 4-4, बिहार में 2 और झारखंड में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। । वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी देश में कुल संक्रमितों की संख्या 6 हजार 412 है। इनमें से 5 हजार 218 का इलाज चल रहा है। 477 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 169 की मौत हुई। देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 236 हो गई है। असम में पहली मौत दर्ज की गई। यहां 65 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। उधर, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और गुंटूर में भी दो पॉजिटिव लोगों की जान चली। गुरुवार को 31 मौतें हुईं। महाराष्ट्र में 18 संक्रमितों ने दम तोड़ा। मध्य प्रदेश और दिल्ली में तीन-तीन मौतें हुईं। इसके अलावा पंजाब और राजस्थान में दो-दो, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और झारखंड में भी एक-एक मौत हुई। उधर, पंजाब के मोहाली में 78 साल की बुजुर्ग महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। इनकी मौत 7 अप्रैल को हुई थी।
गुरुवार को सबसे ज्यादा 229 नए मामले महाराष्ट्र में सामने आए। वहीं, गुजरात में 76, राजस्थान में 80, उत्तरप्रदेश में 49, मध्यप्रदेश में 70, बिहार में 12 और छत्तीसगढ़ में 8 मरीज बढ़े।
27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 1369 | 98 | 125 |
तमिलनाडु | 834 | 8 | 27 |
दिल्ली | 720 | 12 | 25 |
तेलंगाना | 471 | 12 | 45 |
राजस्थान | 489 | 8 | 60 |
मध्यप्रदेश | 447 | 33 | 25 |
उत्तरप्रदेश | 410 | 4 | 31 |
आंध्रप्रदेश | 363 | 6 | 10 |
केरल | 357 | 2 | 97 |
गुजरात | 308 | 16 | 26 |
कर्नाटक | 197 | 5 | 30 |
जम्मू-कश्मीर | 188 | 4 | 6 |
हरियाणा | 170 | 3 | 32 |
पंजाब | 130 | 10 | 18 |
पश्चिम बंगाल | 116 | 7 | 16 |
बिहार | 60 | 1 | 15 |
ओडिशा | 44 | 1 | 2 |
उत्तराखंड | 35 | 0 | 5 |
असम | 29 | 1 | 0 |
हिमाचल प्रदेश | 28 | 2 | 2 |
चंडीगढ़ | 18 | 1 | 7 |
छत्तीसगढ़ | 18 | 0 | 9 |
लद्दाख | 14 | 0 | 10 |
झारखंड | 14 | 1 | 0 |
अंडमान-निकोबार | 11 | 0 | 10 |
गोवा | 7 | 0 | 0 |
पुडुचेरी | 5 | 0 | 1 |
मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
त्रिपुरा | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के मुताबिक हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभी देश में संक्रमितों की संख्या 6 हजार 412 है। इनमें से 5 हजार 218 का इलाज चल रहा है। 477 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 169 की मौत हुई।
7 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के हाल
- महाराष्ट्र, संक्रमित 1369: राज्य में शुक्रवार को मुंबई के धरावी इलाके में 5 नए संक्रमित मिले। इनमें से 2 दिल्ली की मरकज से लौटे थे। इन्हें पहले यहां नेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में क्वारैंटाइन किया गया था। अब इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कर दिया गया है। सांगली के इस्लामपुर से शुक्रवार को एक अच्छी खबर आई। जिले के प्रभारी मंत्री जयंत पाटिल ने बताया कि यहां 26 संक्रमितों में से 22 की लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की बाकी मरीज भी जल्द ही ठीक हो जाएंगे। राज्य में गुरुवार को संक्रमण के 229 मामले सामने आए थे। 18 लोगों की मौत हुई थी।
मध्यप्रदेश, संक्रमित- 447: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 36 नए मामले सामने आए। इनमें से 22 रिपोर्ट इंदौर में और 14 भोपाल में पॉजिटिव आई हैं। इसके साथ ही इंदौर में कुल संक्रमितों की संख्या 235 और भोपाल में 112 हो गई। इनके अलावा मुरैना में 13, उज्जैन में 15, खरगोन में 12, बड़वानी में 14, जबलपुर में 9, ग्वालियर में 6, इटारसी में 6, छिंदवाड़ा में 4, खंडवा में 5, देवास में 3, शिवपुरी-विदिशा में 2-2, जबकि धार, बैतूल, श्योपुर, रायसेन, रतलाम में एक-एक मरीज हैं। राज्य में गुरुवार को 70 नए मामले सामने आए थे। उधर, छिंदवाड़ा जिले के चुनारी में लॉकडाउन के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ते पाए गए 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भोपाल में कोरोना से अब तक 1 शख्स की मौत हुई है, लेकिन अप्रैल के पहले 6 दिनों में यहां मुस्लिम समाज में मौत की दर अचानक बढ़ गई है। शहर के दो बड़े कब्रिस्तानों में मार्च के महीने में 213 शवों को दफनाया गया था। यानी यहां हर दिन करीब 7 शव दफनाए गए लेकिन अप्रैल के शुरुआती 6 दिनों में ही यहां 93 शव पहुंच गए। यानी अब हर दिन 15 शव दफनाए जा रहे हैं। यह पिछले महीने की तुलना में दोगुना है।
- राजस्थान, संक्रमित 489: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 26 नए मामले सामने आए। इनमें से बांसवाड़ा में 12, जैसलमेर में 8, झालावाड़ में 3, अलवर-भरतपुर और कोटा में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 26 नए संक्रमितों में से 25 पहले पॉजिटिव पाए गए मरीजों के संपर्क में आए थे। राज्य में गुरुवार को 80 नए मामले सामने आए थे।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 410: बीते 24 घंटों में यहां संक्रमण के 67 नए मामले सामने आए। कुल संक्रमितों में से 210 तब्लीगी जमात से संबंधित हैं। प्रयागराज में एक प्रोफेसर पर तब्लीगी जमात में जाने की जानकारी छिपाने पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्रोफेसर और उनकी पत्नी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। राज्य के 15 जिलों में चिन्हित 104 हॉट स्पॉट को सील कर दिया गया है। आगरा और गौतम बुद्ध नगर जिले में सबसे ज्यादा 22 हॉटस्पॉट हैं। इसके बाद गाजियाबाद में 13, लखनऊ में 12 और कानपुर में 10 हैं।
- बिहार, संक्रमित- 60: सीवान में शुक्रवार को एक परिवार के 2 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वे ओमान से लौटे एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। बिहार में कोरोना के सबसे ज्यादा 29 मरीज सीवान में ही हैं। राज्य में एक मरीज की मौत हुई है, जबकि 15 ठीक हो चुके हैं।
- दिल्ली; संक्रमित- 720: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैने ने शुक्रवार को बताया कि कुल संक्रमितों में से 22 आईसीयू में हैं। इनमें से 7 वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट में घर-घर जाकर मेडिकल स्कैनिंग की जा रही है। निजामुद्दीन इलाके में 6 हजारों घरों में स्कैनिंग की जा चुकी है। इस दौरान एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। दिल्ली में गुरुवार को 51 संक्रमित मिले थे। इनमें से 4 मरीज निजामुद्दीन मरकज से संबंधित हैं।