आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा: गोदावरी नदी में पलटी नाव, सवार थे 61 लोग

0
416

अमरावती

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में रविवार दोपहर गोदावरी नदी में एक पर्यटन नौका पलटने से कई लोगों के डूबने की आशंका है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 10 यात्रियों को बचा लिया गया है। हालांकि, दुर्घटना का पूरा ब्योरा और दुर्घटनाग्रस्त नौका पर सवार यात्रियों की सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

गोदावरी नदी पिछले कुछ दिनों से पूरे उफान पर है। पूर्वी गोदावरी जिला पुलिस अधीक्षक अदनान अस्मी ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित नौका पर करीब 60 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के करीब 11 सदस्य भी शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि नौका कच्चुलुरु के पास पलट गई। मुख्य सचिव ने बताया कि दुर्घटना के पीड़ितों का पता लगाने के लिए एक हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है। राहत एवं बचाव अभियान के लिए 30 सदस्यों की राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें भेजी गई हैं।