मेलबर्न। टीम इंडिया ने आॅस्ट्रेलिया में पहली बार बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। मैच के 5वें दिन टीम इंडिया ने महज 27 बॉल फेंककर आॅस्ट्रेलिया के बाकी 2 विकेट लेकर यह मैच 137 रन से अपने नाम कर लिया। जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने अपने इरादे साफ जाहिर कर दिए। उन्होंने कहा हम यहां रुकने नहीं वाले हम सिडनी में भी जीत का जोर लगाएंगे। इस जीत के साथ भारत 4 टेस्ट की सीरीज में 2-1 से आगे है और अगर वह सिडनी में भी जीत दर्ज कर लेता है, तो यह आॅस्ट्रेलिया में भारत की पहली सीरीज जीत होगी।
Melbourne: The secret of victory is said to be Virat Kohli, we are not going to stop
मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने खासतौर से मैन आॅफ द मैच खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह, चेतेश्वर पुजारा और अपने करियर का पहला टेस्ट खेल रहे मयंक अग्रवाल की तारीफ की। विराट ने कहा, ‘यहां जीतकर हमारा विश्वास और बढ़ा है और अब सिडनी में भी और ज्यादा सकारात्मकता के साथ उतरेंगे। हम सीरीज का अंतिम टेस्ट भी जीतना चाहते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमने इस दौरे पर अभी तक जिन दो टेस्ट में जीत दर्ज की है। उसमें हमने खेल के हर क्षेत्र में उम्दा परफॉर्म किया है। यही कारण है कि हमने बॉर्डर-गावसकर ट्रोफी को अपने पास सुरक्षित रख लिया है। लेकिन अभी काम पूरा नहीं हुआ है।’ विराट ने यहां साफ कर दिया कि भले ही अभी सीरीज का अंतिम टेस्ट खेलने में 3 दिन का समय बाकी हो, लेकिन टीम का फोकस पूरी तरह से अब सिडनी पर है। विराट ने कहा, ‘इस जीत के बाद हम संतुष्ट नहीं होने वाले। हम सीरीज का अंतिम टेस्ट मैच भी जीतने के लिए तैयार हैं।’
पहली पारी के आधार पर आॅस्ट्रेलिया पर 292 रन की बढ़त लेने के बावजूद विराट कोहली ने मेजबान टीम को फॉलोआॅन नहीं खिलाया। मैच के बाद जब उनसे इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘अच्छा हुआ मैंने किसी का कॉमेंट नहीं पढ़ा। लोग मेरे फैसले पर क्या सोच रहे थे। इस सब पर जो महत्व रखता है वह यह है कि बतौर टीम हम ड्रेसिंग रूम में बैठकर क्या तय कर रहे हैं। हम बिल्कुल स्पष्ट थे कि मैच की तीसरी पारी में हम ही बैटिंग करना चाहते हैं और यहां ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते हैं क्योंकि यहां की पिच लगातार खराब होती जा रही थी और हमने वैसा ही किया।’
भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मैं हमेशा मानता हूं कि 400 के करीब का स्कोर हमेशा ही किसी भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण होता है और आॅस्ट्रेलिया को इस मुश्किल पिच पर यह स्कोर चेज करने में बहुत ही मुश्किल चुनौतियां आएंगी।’ विराट ने यहां बुमराह समेत अपनी पेस बैटरी अटैक की तारीफ करते हुए कहा, ‘हमारे तीनों सीमर्स ने एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रेकॉर्ड तोड़ा है। यह हमारी पेस तिकड़ी के लिए शानदार अहसास है।’
बुमराह की तारीफ में भारतीय कप्तान ने कहा, ‘वह पर्थ में भाग्यशाली नहीं रहे थे, क्योंकि वह वहां विकेट नहीं ले पाए थे। इसके बाद हमने उनसे बात की और नतीजा साफ है कि यहां उन्हों गुच्छों में विकेट मिले। उन्होंने मेलबर्न टेस्ट की इस जीत में अहम भूमिका निभाई।’

