नोटबंदी के बहाने मोदी ने गांधी परिवार को लिया निशाने पर, कहा-जमानत पर घूम रहे रुपयों की हेराफेरी करने वाले

0
354

बिलासपुर। नोटबंदी के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस के लगातार हमलों के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी सभी में पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के चुनावों से पहले प्रचार के लिए पीएम मोदी ने बिलासपुर में रैली के दौरान गांधी परिवार को नोटबंदी के बहाने निशाने पर लिया। संबोधन के दौरान उन्होंने नोटबंदी से कांग्रेस को जोड़ते हुए कहा कि जो मां-बेटे रुपयों की हेराफेरी में जमानत पर घूम रहे हैं, वह क्या मोदी को प्रमाण पत्र देंगे।
Modi took the Gandhi family on the pretext of a ban on black money, said, the people who used to raid the rupees on bail
नोटबंदी की वजह से फर्जी कंपनियां पकड़ी गईं, उसी वजह से आपको जमानत पर निकलना पड़ा।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, ‘लोग मुझे पूछते हैं सरकारें पहले भी थीं, पर आप पहले की तुलना में इतना ज्यादा काम कैसे कर पा रहे हैं। इतने रुपये लाते कहां से हो? कइयों को लगता है मोदी रुपये लाता कहां से है। ये रुपये आपके ही हैं।

पहले ये रुपये किसी के बिस्तर के नीचे छिपे हुए थे। किसी के बोरे में भरे हुए थे। किसी की अलमारी में थे। नोटबंदी के कारण सबको बाहर आना पड़ा है। मेरी सरकार इन रुपयों को आपके लिए खर्च करने में पूरी ताकत से जुटी हुई है। इस देश में शक्ति की कमी नहीं है, इस देश में संकल्प की कमी नहीं है…लेकिन रुपये कहीं न कहीं चले जाते थे। कांग्रेस के ही एक प्रधानमंत्री, तीसरी पीढ़ी के प्रधानमंत्री (राजीव गांधी) ने कहा था कि दिल्ली से एक रुपया निकलता है पंद्रह पैसा पहुंचता है। यह कौन सा पंजा था जो 85 पैसा मार लेता था। यह कौन सा पंजा था, जो 15 पैसा बना देता था। नोटबंदी के बाद यह पैसा निकला है।’

बिलासपुर में पीएम मोदी ने कहा, ‘जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, जिन्हें भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम करना आता नहीं है…हमें विकास की राह पर जाना है। कभी स्वच्छ भारत का मजाक उड़ाना, कभी टूरिजम का मजाक उड़ाना। हमारा उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई, युवाओं को कमाई, किसानों को सिंचाई, बुजुर्गों को दवाई है, इन सबका पूरा प्रबंध होना चाहिए।’ नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में बार-बार भारतीय जनता पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। इसका एक कारण जनता जनार्दन और संगठन के कार्यकतार्ओं की मजबूत कड़ी है। छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है।

मोदी ने कहा, ‘काले सोने पर बैठी हुई छत्तीसगढ़ की सपनों की इमारत, मैं कल्पना कर सकता हूं कि यहां के ऊजार्वान नौजवान इस काले सोने के द्वारा न सिर्फ छत्तीसगढ़ को ऊर्जा भी दे रहे हैं और रोशनी भी दे रहे हैं। यह कमाल इस धरती ने करके दिखाया है। छत्तीसगढ़ संत परंपरा की भूमि है। गासीदास जी की भूमि है। यह सतनाम परंपरा की जन्मस्थली है।’ इस दौरान पीएम मोदी ने संत कबीर दास की भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘मैं तो काशी से एमपी हूं।’

बिलासपुर में संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘लोकतंत्र में मतदान करना सबसे बड़ा उत्सव होता है। मुझे विश्वास है कि बम, बंदूक और पिस्टल का दम दिखाने वालों को जनता जवाब देगी। लोग अधिकतम मतदान करेंगे। इस बार छत्तीसगढ़ में मतदान करके नया रेकॉर्ड बनना चाहिए। यह संदेश जाना चाहिए कि पहले मतदान फिर जलपान।

इस बार पुरुष और महिलाओं के बीच मतदान में स्पर्धा होनी चाहिए।’ मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, ‘विरोधियों को समझ नहीं आ रहा है कि मुकाबला कैसे करें। मैं विरोधियों से पूछना चाहता हूं कि जब छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश का हिस्सा था तो एमपी भी बीमारू में गिना जाता था। 40-50 साल आपने राज किया था, ऐसी दुर्दशा क्यों की थी। छत्तीसगढ़ नया बनने के बावजूद यदि उनके पास रहता तो आज जैसा छत्तीसगढ़ नहीं मिलता। उनकी राजनीति एक परिवार से शुरू होती है और उसी परिवार में पूरी होती है।’