केरल
केरल के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह शनिवार तक कर्नाटक और तमिलनाडु पहुंच जाएगा। दूसरी ओर, साउथ तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश शुरू हो गई। मानसून अगले दो दिनों में पूरे तमिलनाडु और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों को कवर कर लेगा।
IMD के अनुसार, मानसून 10 जून तक दक्षिण से बढ़ते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगा। फिर पूर्वोत्तर के राज्यों को कवर कर पश्चिम बंगाल से बिहार की तरफ बढ़ेगा। 15 जून तक मानसून की वजह से गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूरे बिहार में बारिश शुरू हो जाएगी।
दूसरी ओर, देश के पूर्वी हिस्सों में अगले 3-4 दिन तक गर्मी बढ़ेगी। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर-पश्चिम भारत यानी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले 5 दिन तक तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रहने की आशंका है।
चक्रवात बिपरजॉय अगले 36 घंटों में और तेज होगा
मौसम विभाग के शुक्रवार को बताया, अगले 36 घंटों में बिपरजॉय और तेज हो सकता है। इसका असर मुंबई, गोवा, कर्नाटक, उत्तरी केरल के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। इस दौरान यहां आंधी-तूफान आने और तेज बारिश के आसार हैं। 11 जून तक उत्तर से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
मुंबई में मानसून आने से पहले मछुआरों ने अपनी नावें समुद्र किनारे बांध दी हैं। बरसात की वजह से अगले दो महीने तक नाविक समुद्र से दूर रहना बेहतर समझते हैं। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और गोवा में रिमझिम बारिश जारी है।