देश में बीते 24 घंटे में 2.47 लाख से अधिक मामले सामने आए, भोपाल में 863 नए केस, इनमें 47 बच्चे भी

0
161

TIO NEW DELHI

भारत में कोरोना की तीसरी लहर ने अब डराने वाली रफ्तार पकड़ ली है। कोरोना संक्रमण की यह रफ्तार दूसरी लहर से भी तेज मानी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी गुरुवार के आंकड़े के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 2.47 लाख(2,47,417) से अधिक मामले सामने आए हैं जो कि बुधवार की तुलना में 52 हजार से अधिक है। वहीं बीते 24 घंटे में 380 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले चार दिनों में कुल 1280 लोगों की मौतें हो गई हैं, जो कि चिंताजनक है। वहीं देश में सक्रिय मामले 11 लाख (11,17,531) को पार कर गए हैं। इस दौरान 84 हजार से अधिक(84,825) लोग स्वस्थ भी हुए। देश में दैनिक पॉजिटिविटी रेट अब 13.11 फीसदी हो गई है। देश में लोगों के स्वस्थ होने की दर 95.59 फीसदी है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के तहत अब तक 154.61 करोड़ टीके दिए जा चुके हैं। देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या पांच हजार के पार हो गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में 5488 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1281 मामले हैं तो राजस्थान में 645 मामले हैं। 546 मामलों के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर है।

हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, राज्यों और UTs को वैक्सीन की 157.36 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। राज्यों और UTs के पास अभी वैक्सीन की 15.75 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।देश भर में अब तक ओमिक्रॉन के 5,488 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 13.11% दर्ज किया गया। इससे पहले पॉजिटिविटी रेट 11.05% दर्ज किया गया था।महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, राज्य में कोरोना से अब तक 265 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे अधिक 126 मौतें मुंबई पुलिस में हुई है। फिलहाल राज्य में 2,145 पुलिसकर्मी संक्रमित हैं।

मध्यप्रदेश में कोरोना कहर बनकर टूटने लगा है। जबलपुर में एक दिन में तीन, ग्वालियर में दो और विदिशा में एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। ग्वालियर में 25 साल की वर्षा ने दो दिन पहले बेटे को जन्म दिया। दम तोड़ने से पहले बेटे को देखा। प्रदेश में थर्ड वेव से अब तक 18 मौतें हो चुकी हैं। सागर जिले के तीन स्कूलों में भी 12 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश भर में बुधवार को 4031 संक्रमित मिले हैं। पिछले 24 घंटों में भोपाल में 863 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंदौर में 1104 और जबलपुर में 277 केस आए हैं। ग्वालियर में 635 और सागर में 133 पॉजिटिव आए हैं।

भोपाल में बुधवार को पॉजिटिव आए 863 नए कोरोना मरीजों में 47 बच्चे हैं। इनमें आठ महीने की एक बच्ची भी है। यही नहीं, एक जनवरी से अब तक 18 साल तक के 240 से ज्यादा बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 80 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं। अब तक 227 पुलिस के जवान संक्रमित हो चुके हैं। जेल में कैदियों से परिजन की मुलाकात पर 31 मार्च तक रोक लगाई गई है। कॉल के जरिए बात कर सकेंगे।