नक्सल कॉरिडोर ब्लाक कर फोर्स ने संभाला पड़ोसी चुनावी राज्यों का बार्डर

0
215

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म होने के बाद अब फोर्स ने नक्सल कॉरिडोर को ब्लाक करके पड़ोसी चुनावी राज्यों का बार्डर संभाल लिया है। मध्यप्रदेश और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने है। इसको देखते हुए पुलिस मुख्यालय से निगरानी का काम शुरू हो गया है। स्पेशल डीजी नक्सल आपरेशन डीएम अवस्थी ने बताया कि नक्सलियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। पड़ोसी राज्यों के इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर आपरेशन प्लान किया जा रहा है।
Naxal Corridor Blocked by the Force Border of neighboring electoral states
पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश के बालाघाट और तेलंगाना की सीमा पर फोर्स को तैनात किया गया है। कवर्धा और राजनांदगांव में नक्सलियों के मूवमेंट की जानकारी मिली है। इन इलाकों में यूएवी से भी रिपोर्ट ली जा रही है। जंगलों में भी सर्च आपरेशन शुरू कर दिया गया है। उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो छत्तीसगढ़ के चुनाव में बड़ी वारदात करने में असफल नक्सली अब पूरा फोकस बालाघाट एरिया में लगा रहे हैं। इसको विफल करने के लिए छत्तीगसगढ़ पुलिस, आइटीबीपी और सीआरपीएफ का ज्वाइंट आपरेशन भी किया जा रहा है। वहीं, तेलंगाना में ग्रेहाउंड के साथ मिलकर फोर्स काम कर रही है।

फोर्स को बार्डर पर किया गया तैनात
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान में बस्तर में फोर्स को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया था। इसमें से करीब 25 कंपनियों को बार्डर पर भेजा गया है। पीएचक्यू के आला अधिकारियों ने बताया कि गुरिल्ला लड़ाई के एक्सपर्ट जवानों को भेजा गया है। इसके साथ ही सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के एसपी को भी अलर्ट जारी किया गया है।