24 घंटे में करीब 36,000 मरीज मिले

0
185

TIO NEW DELHI

देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 35,838 लोग पॉजिटिव पाए गए। 17,793 ठीक हुए और 171 की मौत हो गई। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीज, मतलब एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख 49 हजार 197 हो गया। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 17,862 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नए संक्रमितों का आंकड़ा 5 दिसंबर के बाद, यानी 101 दिन में सबसे ज्यादा है। 5 दिसंबर को 36,010 केस आए थे। इसके बाद इनमें गिरावट आती गई।

देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 302 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 1 करोड़ 10 लाख 61 हजार 170 ठीक हुए हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 250 लोगों की मौत भी हुई है।देश में एक बार फिर कोरोना वायरस बेकाबू हो गया है। कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात और दिल्ली समेत कई राज्यों में स्थिति भयावह होती नजर आ रही है। कोरोना संक्रमण में तेजी से वृद्धि को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आपात बैठक बुलाई है। वहीं महाराष्ट्र में एक ही स्कूल के 30 छात्र और शिक्षक कोरोना संक्रमित हो गए, जिसके बाद स्कूल को सील कर दिया गया है। गुजरात और मध्यप्रदेश में कई पाबंदियां लगाई गईं हैं।

मुंबई के रेस्त्रां के खिलाफ प्राथमिकी
मुंबई पुलिस ने कोविड-19 से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मुंबई के एक मशहूर रेस्त्रां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

गुजरात : अहमदाबाद में सभी पार्कों को बंद किया
कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज किए जाने के बाद गुजरात के अहमदाबाद में सभी सार्वजनिक पार्कों को बंद कर दिया गया है। ये पार्क अगले आदेश आने तक बंद रहेंगे।

छात्र और शिक्षकों की रिपोर्ट पॉजिटिव, स्कूल सील
महाराष्ट्र के नंदोर में एक आवासीय विद्यालय (आश्रम शाला) के 30 छात्र और शिक्षक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद स्कूल को सील कर दिया गया है।

महाराष्ट्र: पालघर में अगले आदेश तक स्कूल, कॉलेज बंद
महाराष्ट्र में लगातार कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है और प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में प्रतिबंध लगा दिए गए हैं और गुरुवार सुबह पालघर जिले में अगले आदेश तक सभी स्कूल, कॉलेज और छात्रावास बंद करने का आदेश दिया गया है।

केजरीवाल ने बुलाई आपात बैठक
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आपात बैठक बुलाई है। बैठक में सीएम केजरीवाल दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, स्वास्थ्य सचिव और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ स्थिति पर समीक्षा करेंगे।