TIO, New Delhi
देश में रविवार को कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 14 करोड़ के पार हो गया। अब तक 14 करोड़ 8 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 94 लाख यानी 6.69% लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात है कि इनमें 88 लाख 19 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 4.48 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। 1.36 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।
पिछले 6 दिनों के डेटा पर नजर डालें तो देश में एक बार फिर से कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार तेज हो गई है। अब हर दिन 40 से 45 हजार नए मरीज मिल रहे हैं। इसके उलट मरीजों के ठीक होने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पहले जहां, हर दिन 50 हजार लोग ठीक हो रहे थे वहां अब 30 से 35 हजार रिकवरी रह गई है। नए मरीजों के मिलने की मौजूदा रफ्तार अगर बनी रही तो 10 दिसंबर तक देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो सकता है।
देश में कोरोना की रफ्तार
- कुल 94 लाख मरीजों में 88 लाख 2 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।
- संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 36 हजार हो गई है।
- देश में हर 10 लाख की आबादी में 6700 लोग संक्रमित मिल रहे हैं।
- इतनी ही आबादी में मरने वालों की संख्या 99 है।
- हर 10 लाख की आबादी में 100,684 लोगों की जांच हो रही है।
- भारत में अभी 8,944 मरीज ऐसे हैं जिनकी हालत गंभीर है। मतलब ये ICU और वेंटिलेटर के सहारे हैं।
- दुनिया में भारत 7वां देश है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है।
- भारत दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश है। पहले नंबर पर अमेरिका है। यहां 1.36 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमति हो चुके हैं।
- दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज अब तक भारत में ठीक हो चुके हैं।
सेंट्रल एशिया में फंसे 50 भारतीय वैज्ञानिकों को एयरफोर्स ने रेस्क्यू किया
एयरफोर्स ने स्पेशल फ्लाइट के जरिए सेंट्रल एशिया के एक देश में फंसे 50 भारतीय वैज्ञानिकों को रेस्क्यू किया। इनमें से कुछ वैज्ञानिक कोविड पॉजिटिव भी हैं। एयरफोर्स ने इन्हें विशेष सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से एयर-लिफ्ट किया। इन सभी को साउथ इंडिया भारत के एक एयरपोर्ट पर लैंड कराकर क्वारैंटाइन किया गया है। ये वैज्ञानिक एक समझौते के तहत सेंट्रल एशिया के एक देश में गए थे।