नुमाइश ग्राउंड पंडाल में लाया गया नेताजी का पार्थिव शरीर, दर्शन करने उमड़े लोग

0
249

TIO NEW DELHI

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को सैफई में अंतिम संस्कार होगा। नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचे हैं। अभी उनकी पार्थिव देह को आखिरी विदाई के लिए यहां के मेला ग्राउंड ले जाया गया है। दोपहर 3 बजे तक यहां आम लोग दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद नेताजी का अंतिम संस्कार होगा।

राजनाथ, ओम बिरला, ममता, राहुल-प्रियंका अंतिम संस्कार में शामिल होंगे
भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़ कर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी सैफई पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, ​सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, JDU नेता केसी त्यागी और UP कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बिहार के CM नीतीश कुमार का भी 12 अक्टूबर को सैफई आने का कार्यक्रम है।

नेताजी का जिस जगह अंतिम संस्कार होगा, उस जगह को 50 मजदूर ने पूरी रात काम कर तैयार किया। 30×30 फीट की इस जगह में 10 हजार ईंटें लगाई गई हैं।

मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सैफई आएंगे। गहलोत मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर गहलोत सैफई पहुंचेंगे।


कांग्रेस नेता कमल नाथ और सीएम भूपेश बघेल होंगे अंतिम संस्कार में शामिल
कांग्रेस की तरफ से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

डेढ़ क्विंटल चंदन की लकड़ियों से होगा नेताजी का अंतिम संस्कार
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार चंदन की लकड़ियों से किया जाएगा। कन्नौज के फूलों से उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इत्र नगरी से लकड़ियों और फूलों की खेप लेकर सपा नेता सैफई पहुंच गए हैं। तिर्वा कस्बा निवासी और समाजवादी व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता ने बताया कि उनके पास नेताजी के सैफई आवास से फोन आया था। इसके बाद उन्होंने अपने जनपद से डेढ़ क्विंटल चंदन की लकड़ियों का इंतजाम किया है। वे सोमवार शाम को सैफई पहुंच गए। साथ ही गुलाब और गेंदे के फूल भी भारी मात्रा में लेकर आए हैं। अंशुल के मुताबिक, नेताजी और अखिलेश दोनों का जनपद से काफी जुड़ाव रहा है। यहां से बड़ी संख्या में सपाई भी सैफई पहुंच रहे हैं।