गगनयान मिशन में महिला अंतरिक्ष यात्री नहीं

0
255

नई दिल्ली

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) संभावित अंतरिक्ष यात्रियों की खोज सशस्त्र बलों के टेस्ट पायलट में से कर रहा है और इनमें से कोई भी महिला नहीं है। यानी भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में किसी महिला अंतरिक्ष यात्री के होने की संभावना नहीं है।

ISRO के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक फिलहाल इस मिशन में महिला के शामिल होने की संभावना नहीं दिखती। हालांकि महिलाओं के अलावा अन्य आम नागरिक भविष्य के मानव मिशन का हिस्सा हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इसरो ने पहले मानव मिशन के लिए संभावित उम्मीदवारों को चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अगले महीने तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। चुने गए उम्मीदवारों को नवंबर में प्रशिक्षण के लिए रूस भेजा जाएगा। पहले गगनयान मिशन को 2022 में तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ भेजने की योजना है। इन यात्रियों का चयन सशस्त्र बलों के टेस्ट पायलटों में से किया जाएगा। बता दें कि नए विमानों का परीक्षण करने वाले अति दक्ष पायलट को टेस्ट पायलट कहा जाता है।

अधिकारी ने बताया कि विभिन्न देशों की ओर से पहले भेजे मानव मिशन में भी टेस्ट पायलट को ही भेजा गया। इसलिए हम भी अपने मिशन में इस परिपाटी पर कायम रहना चाहते हैं। हम सशस्त्र बलों के टेस्ट पायलट को देख रहे हैं लेकिन उनमें कोई महिला टेस्ट पायलट नहीं है। भारत ने गगनयान मिशन में सहयोग के लिए रूस और फ्रांस से करार किया है।

गगनयान परियोजना के लिए 10,000 करोड़ रुपए की लागत आने की उम्मीद है। इनमें प्रौद्योगिकी विकास, यान के निर्माण और जरूरी आधारभूत ढांचे का विकास शामिल है। गगनयान के तहत दो मानव रहित और एक मानव मिशन को अंजाम दिया जाएगा।

गौरतलब है कि गगनयान मिशन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए भाषण में की थी। वायुसेना के पायलट राकेश शर्मा पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री थे। उन्होंने 2 अप्रैल 1984 को प्रक्षेपित सोवियत संघ के यान सोयुज टी-11 के जरिये अंतरिक्ष यात्रा की थी।