देश मे संक्रमित मरीजों की संख्या 5700 पार, बीते 24 घंटे में 540 नए मामले

0
413

नई दिल्ली

कोरोना महामारी का प्रकोप देश में दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। लॉकडाउन को दो हफ्ते का वक्त गुजर चुका है बावजूद इसके नए मरीजों के मिलने की रफ्तार बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार से राज्य सरकारों ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने का कहा है, ऐसे में केंद्र इस पर विचार कर रहा है। देश में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 5700 को पार कर चुकी है, वहीं 150 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। केंद्र और राज्य सरकारें स्थिति को काबू करने के लिए लगातार नए आदेश जारी कर रही हैं। लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है।

24 घंटे 540 नए मामले

कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बीते चौबीस घंटों में देश में 540 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 5700 को पार कर गई है।

लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत

कोरोना वायरस के चलते देश की वर्तमान स्थिति नाजुक बनी हुई है। 21 दिन का लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है। इस बीच राज्य सरकारों की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार लॉकडाउन की अवधि बढ़ा सकती है।

2 महिला डॉक्टर्स पर पड़ोसी ने किया हमला

देश में डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मी किसी फरिश्ते की तरह दिन रात काम में लगे हुए हैं, वहीं उन पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की 2 महिला डॉक्टर्स पर उसके पड़ोसी ने हमला कर दिया। पड़ोसी का कहना था कि दोनों महिलाएं कोरोना संक्रमण फैला रही हैं।

कर्नाटक में महिला की मौत, मृतकों की संख्या छह हुई

कर्नाटक के गडग जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित 80 वर्षीय एक महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई। उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी जिसके बाद जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। कर्नाटक में इस खतरनाक वायरस से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मरीज को कुछ दिन पहले सांस में तकलीफ के साथ अस्पताल में भर्ती किया गया था। छह अप्रैल को उनके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

गुजरात में 55 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 241 हुई

गुजरात स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 55 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें 50 मामले अहमदाबाद में, सूरत में दो और दाहोद, आनंद और छोटा उदयपुर में एक-एक मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 241 हो गई है।

बीएमसी खरीदेगा एक लाख त्वरित परीक्षण किट खरीदेगा

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) दक्षिण कोरिया से एक लाख त्वरित परीक्षण किट खरीदेगा। बीएमसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पीएम मोदी ने ट्रंप के ट्वीट पर दिया जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रीट्वीट कर जवाब देते हुए कहा कि मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। ऐसे समय में ही दोस्त करीब आते हैं। भारत-अमेरिका की साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत है। भारत कोरोना वायरस के खिलाफ मानवता की लड़ाई में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हम इसे एक साथ जीतेंगे।