TIO, New Delhi
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 22 लाख के पार कर गया। चिंता की बात यह है कि कल रात 8 बजे से आज रात 8 बजे तक करीब 80 हजार संक्रमितों की संख्या बढ़ी। अब तक 22 लाख 5 हजार 892 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
वहीं, राहत की बात यह है कि मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा भी 15 लाख के पार हो गया। अब तक 15 लाख 15 हजार 343 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 44 हजार 48 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल 6 लाख 39 हजार 246 लोगों का इलाज चल रहा है।
इस बीच, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डॉक्टर्स की सलाह पर वह अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। श्रीरामुलु कर्नाटक के पांचवे मंत्री हैं जो संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा खुद कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा वन मंत्री आनंद सिंह, पर्यटन मंत्री सीटी रवि, और बीसी पाटिलवर की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है।
मध्य प्रदेश में मंत्री विश्वास सारंग भी कोरोना पॉजिटिव
उधर, मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक और मंत्री विश्वास सारंग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। लक्षण सामने आने के बाद उन्होंने अपना स्वाब सैंपल दिया था। तीन दिन पहले रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया था, जबकि रविवार को उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट करके भी दी है।
मध्यप्रदेश शासन के मेडिकल एजुकेशन और गैस राहत मंत्री विश्वास सारंग ने फोन पर बताया कि चार दिन पहले उन्हें कुछ लक्षण सामने आना शुरू हुए थे। डॉक्टरों को दिखाने के बाद मैंने कोरोना टेस्ट कराया। खुद को रातीबड़ स्थित फार्म हाउस में होम आइसोलेट कर लिया। रविवार को दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं।
7 राज्यों में 24 घंटे में जितने केस आए, उससे ज्यादा मरीज ठीक हुए
गुजरात, केरल, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में बीते 24 घंटे में जितने नए केस आए, उनसे ज्यादा मरीज ठीक हो गए। इनके अलावा दादरा एवं नगर हवेली, चंडीगढ़ और मिजोरम में नए केस और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बराबर रही।
मध्यप्रदेश: अनलॉक-3 को लेकर राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके मुताबिक, त्योहारों पर बाहर निकलने की छूट नहीं मिलेगी। बाजार रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। नाइट कर्फ्यू सुबह 5 बजे तक होगा। राज्य में भोपाल समेत बाकी जगहों पर सिर्फ रविवार को ही लॉकडाउन रहेगा। होटल और रेस्त्रां अब रात 10 बजे तक खुल सकेंगे, लेकिन उन्हें इस बार गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। इंदौर प्रशासन ने सिर्फ 56 दुकानों को ही पूरी तरह खोलने की अनुमति दी है।