देश में मरीजों का आंकड़ा 26 लाख के पार, अब तक 50,453 मौतें

0
350

TIO, New Delhi

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 26 लाख के पार के पार हो गया। अब तक 26 लाख 18 हजार 877 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 18 लाख 91 हजार 84 लोग ठीक हो चुके हैं। 50 हजार 126 मरीजों की मौत हो चुकी है। 6 लाख 80 हजार 794 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस पुणे शहर में है। यहां अब तक 1 लाख 27 हजार 518 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें 41,080 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। 83,308 लोग ठीक हो चुके हैं और 3,130 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, मुंबई में 1 लाख 27 हजार 716 लोगों की रिपोर्ट अब तक पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें 17,581 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है 1 लाख 02 हजार 749 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 7,086 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, केंद्र सरकार ने रविवार को बताया कि देश में संक्रमितों के ठीक होने की रफ्तार 72% के करीब पहुंच गई है। मतलब हर 100 मरीजों में 72 लोग अब ठीक हो जा रहे हैं। एक हफ्ते पहले यह दर 68% थी। वहीं मृत्यु दर में भी लगातार गिरावट हो रही है। 14 अगस्त को मृत्यु दर 1.99% थी जो .7% घटकर 1.93% हो गई है।

यूपी के मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान का निधन

पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान (73) का रविवार को निधन हो गया है। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पिछले महीने वे संक्रमित हुए थे। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय थे। वे दो बार लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।

कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चेतन चौहान को किडनी और ब्लड प्रेशर से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो गई थीं। उसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। इसी दौरान उनकी कोरोना रिपोर्ट दो बार निगेटिव आने के बाद तीसरी बार पॉजिटिव आई थी।

मध्यप्रदेश- इंदौर में कोरोना ने फिर एक बार रफ्तार पकड़ ली है। यहां बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 176 केस मिले। एक मरीज की मौत हुई। यहां 3 हजार एक्टिव केस हैं। जबलपुर में 113 नए पॉजिटिव मिले, जबकि 3 की मौत हो गई। भोपाल में शनिवार को 108 केस आए। यहां भी एक मरीज की मौत हुई। राजधानी में अब 1 हजार 463 मरीजों का इलाज चल रहा है।