TIO इंदौर
इंदौर में शुक्रवार को अति शीतल दिन होने के बाद शनिवार सुबह भी शहरवासियों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। आज सुबह कोहरे के कारण विजिब्लिटी 200 मीटर तक पहुंच गई।
विमान की लैंडिंग और टेकऑफ पर भी इसका असर हुआ। सड़क पर चलने वाले वाहनों को कोहरे के कारण वाहनों की लाइट चालू करना पड़ी। इंदौर मौसम केंद्र पर वैज्ञानिकों को रनवे पर विजिबिलिटी जांचने के लिए जाना पड़ा। शानिवार रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 8.1 डिग्री रहा। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम दर्ज हुआ था। लगातार दूसरे दिन भी सिवीयर कोल्ड डे की स्थिति बनी है।
3 राज्यों में आंधी, बिजली का अलर्ट, 5 राज्यों में शीतलहर
मौसम विभाग ने यूपी, मप्र, और छत्तीसगढ़ में आंधी, बिजली और बारिश की चेतावनी दी है। उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात में शीत लहर जारी रहने का अलर्ट है। शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा में 50 मीटर से कम दृश्यता रही। कोहरे से हवाई, ट्रेन और सड़क यातायात पर असर पड़ा।
आगे क्या: अगले तीन दिन ज्यादा खराब रहेगी स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिन मौसम खराब ही रहेगा। शनिवार को सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र में कोल्ड डे रहेगा। रविवार को अरुणाचल, झारखंड, असम, और त्रिपुरा में बौछारें पड़ सकती हैं। सोमवार को मप्र, यूपी, बिहार, ओडिशा में शीतलहर का अलर्ट है।