ऑपरेशन कमल: संकट में कमलनाथ सरकार! कांग्रेस का आरोप- भाजपा ने विधायकों को बंधक बनाया

0
438

भोपाल/दिल्ली

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा मंगलवार को भाजपा पर लगाए गए विधायकों के खरीद-फरोख्त के दावों के बाद से ही सियासी संग्राम जारी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने उनके और बसपा के विधायकों को बंधक बनाया हुआ है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के तीन और एक निर्दलीय विधायक को बंगलूरू ले जाया गया है।

मंगलवार की सुबह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह बसपा से निलंबित विधायक रमाबाई को लेकर चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंचे हैं। हालांकि, रमाबाई के पति गोविंद ने इसका खंडन करते हुए कहा कि रमाबाई अपनी बेटी से मिलने के लिए दिल्ली गई हैं। इसके बाद मंगलवार रात को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिल्ली जाने को लेकर भी राज्य में जमकर राजनीति हुई।

आनन-फानन में कांग्रेस ने मंगलवार रात मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली के लिए रवाना किया। पटवारी ने बताया कि उनके होटल पहुंचने से पहले ही सभी विधायकों को कहीं और भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि केवल रमाबाई ही होटल के बाहर मिलीं।

भाजपा के कब्जे में 10-11 विधायक: दिग्विजय
वहीं दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, नरोत्तम मिश्र, संजय पाठक और अरविंद भदौरिया विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के कब्जे में कांग्रेस के छह विधायकों के साथ कुल 10-11 विधायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे सभी छह विधायक वापस लौटना चाहते हैं लेकिन भाजपा उन्हें रोक रही है। कांग्रेस आज इस मुद्दे पर प्रेस कांफ्रेंस करेगी।

यह कांग्रेस का अंतर्कलह, सीएम दें जवाब: भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। यह कांग्रेस का अंतर्कलह है इसका जवाब कमलनाथ, सिंधिया और दिग्विजय को देना चाहिए।

सिंधिया बोले- मुझे विधायकों के खरीद फरोख्त की जानकारी नहीं
हॉर्स ट्रेडिंग पर ग्वालियर में कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुझे  विधायकों के खरीद फरोख्त की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है।

मध्य प्रदेश में हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर उठ रहे मामले के बीच सीएम कमलनाथ दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे। इसके पहले मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश के मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह गुरुग्राम के होटल से बसपा विधायक रामबाई को अपने साथ बाहर लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उन्हें बंधक बना रखा था। यह भी आरोप लग रहे हैं कि मध्य प्रदेश के कुछ अन्य विधायकों को भी भाजपा ने अपने पास बंधक बना रखा है। उधर इस मामले में मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की अंदरुनी कलह है, भाजपा का मकसद सरकार को अस्थिर करना नहीं है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान आज दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। वे मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालात पर उनसे चर्चा करेंगे। उधर दिग्विजय सिंह के विधायकों को खरीदने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि, मुझे लगता है खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे। वो तोड़-फोड़, जुगाड़, जोड़-तोड़ करने में सबसे ज्यादा माहिर हैं, अब वो उल्टे आरोप लगा रहे हैं। तो मध्य प्रदेश के हालात पर ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे कह सकते हैं’।

मध्य प्रदेश के विधायक हरियाणा के होटल में

तावडू (नूंह, हरियाणा) में स्थित आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में आए मध्यप्रदेश के आठ कांग्रेसी विधायकों में से छह विधायक दिल्ली चले गए जबकि चार विधायक अभी भी होटल में रुके हुए हैं। कहा जा रहा है कि भाजपा नेता इन विधायकों को लेकर होटल आए थे। हलाकि भाजपा की ओर से मना किया जा रहा है। देर रात कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह व मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री जीतू पटवारी व जयवर्धन छह विधायक को लेकर दिल्ली चले गए थे, जबकि दो कांग्रेसी विधायक होटल में मौजूद हैं उनके साथ निर्दलीय विधायक भी हैं। देर रात नूंह पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने शोर शराबे की बनी स्थिति को नियंत्रण किया। फिलहाल होटल के बाहर पुलिस तैनात हैं, खुफ़िया विभाग भी पल-पल की खबर ले रहा है।

वीडी शर्मा ने कहा- कमलनाथ सरकार अंतर्कलह से जूझ रही है

दिल्ली में मध्य प्रदेश के विधायकों को लेकर चल रही जोड़-तोड़ के घटनाक्रम पर वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा का इससे कोई लेना देना नहीं है। कमलनाथ की अपनी दुनिया है, उनकी सरकार अंतर्कलह से जूझ रही है। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। भाजपा खरीद-फरोख्त नहीं करती है। पूरा देश जानता है कि कमलनाथ की सरकार जोड़-तोड़ से चल रही है।

भोपाल में सीएम हाउस पहुंचे कांग्रेस विधायक

हॉर्स ट्रेडिंग पर सोमवार सुबह भोपाल में सीएम कमलनाथ के आवास पर अचानक कांग्रेस विधायकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जानकारी के मुताबिक सभी विधायकों बुलाकर उनसे पूछा जा रहा है कि कहीं उन्हें भी तो खरीदने की कोशिश नहीं की गई। सभी कांग्रेस नेता यह दावा कर रहे हैं कि कमलनाथ सरकार को कोई खतरा नहीं हैं। उधर कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा का गेम प्लान था। दिग्विजय सिंह को पल-पल की खबर थी। सभी विधायक पार्टी के सम्पर्क में हैं, सभी की घर वापसी होगी।