नई दिल्ली
पैरालिम्पिक में रजत पदक जीतने वाली दीपा मलिक और रेसलर बजरंग पूनिया को गुरुवार को राष्ट्रपति ने खेल दिवस के दिन राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। पूनिया ने एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर समेत 19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिया जा रहा है।
48 वर्षीय दीपा ने 2016 में रियो पैरालिम्पिक में शॉट पुट की एफ-53 कैटेगरी में रजत पदक जीता था। रिटायर्ड जस्टिस एम. शर्मा के नेतृत्व वाली 12 सदस्यीय समिति ने विजेताओं के नाम का ऐलान किया था।
19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड
चयन समिति ने 19 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना है। इनमें क्रिकेटर रवींद्र जडेजा और पूनम यादव, ट्रैक और मैदान के सितारे तेजिंदर पाल सिंह तूर, मोहम्मद अनस, स्वपना बर्मन, फुटबॉलर गुरप्रीत सिंह संधू, हॉकी खिलाड़ी सी.सिंह कंगुजम और शूटर अंजुम मुदगिल शामिल हैं। पुरस्कार के लिए खिलाड़ी में खेल के अलावा नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और खेल भावना को भी बारीकी से परखा जाता है।
द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए तीन नाम
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए बैडमिंटन कोच विमल कुमार, टेबल टेनिस कोच संदीप गुप्ता और एथलेटिक्स कोच मोहिंदर सिंह ढिल्लो को चुना गया। हॉकी के मेजबान पटेल, रामबीर सिंह खोखर (कबड्डी) और संजय भारद्वाज (क्रिकेट) को लाइफ टाइम अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
रेसलर बजरंग पूनिया समारोह में नहीं पहुंच पाए
खेल रत्न के लिए चुने गए रेसलर बजरंग पूनिया सम्मान समारोह में नहीं पहुंच पाए। वे अगले महीने होने वाली वर्ल्ड चैम्पियशिप की तैयारियों के लिए विदेश में हैं। इसके अलावा रविंद्र जडेजा, महिला निशानेबाज अंजुम मौदगिल, पैरा जैवलिन थ्रोअर सुंदर सिंह गुर्जर, शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदर पाल सिंह तूर अपने-अपने खेलों के कारण अवॉर्ड लेने नहीं पहुंचे। इन सभी खिलाड़ियों को बाद में खेल मंत्री किरण रिजिजू सम्मानित करेंगे।
राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित:-
खिलाड़ी | खेल |
दीपा मलिक | शॉट पुट (पैरालिम्पियन) |
अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित:-
खिलाड़ी | खेल |
फवाद मिर्जा | घुड़सवारी |
गुरप्रीत सिंह संधू | फुटबॉल |
बी साई प्रणीत | बैडमिंटन |
सिमरन सिंह शेरगिल | पोलो |
पूजा ढांडा | कुश्ती |
हरमीत देसाई | टेबल टेनिस |
अजय ठाकुर | कबड्डी |
चिंगलेनसना सिंह कांगुजाम | हॉकी |
पूनम यादव | क्रिकेट |
सोनिया लाथेर | मुक्केबाजी |
स्वप्ना बर्मन | एथलेटिक्स |
प्रमोद भगत | पैरा खेल- बैडमिंटन |
सुरेंद्र सिंह गुर्जर | पैरा खेल- एथलेटिक्स |
ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित:-
खिलाड़ी | खेल |
अरूप बसक | टेबल टेनिस |
मैनुअल फ्रैड्रिक्स | हॉकी |
द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित:-
खिलाड़ी | खेल |
संजय भारद्वाज | क्रिकेट (लाइफ टाइम अचीवमेंट) |
मर्जबान पटेल | हॉकी |
विमल कुमार | बैडमिंटन |
अन्य पुरस्कार से सम्मानित संस्था और व्यक्ति:-
खिलाड़ी | खेल | पुरस्कार |
गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन | निशानेबाजी | खेल प्रोत्साहन पुरस्कार |
गो स्पोर्ट्स फाउंडेशन | सभी खेल | खेल प्रोत्साहन पुरस्कार |
मणिकंदन के. | पैराक्लाइंबिंग | तेनजिंग नोर्गे पुरस्कार |