पूर्वांचल को साधने पीएम मोदी आज वाराणसी और गाजीपुर के दौरे पर, 14 सीटों पर रहेगी नजर

0
380

वाराणसी। 2019 लोकसभा चुनावों से पहले पूर्वांचल की राजनीति को साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वाराणसी और गाजीपुर के दौरे पर पहुंचेंगे। अपने इस दौरे पर पीएम राजभरों के गुरु माने जाने वाले महाराजा सुहेलदेव पर डाक टिकट जारी करने के अलावा मेडिकल कॉलेज और अरबों की परियोजनाओं की नींव रखेंगे। एक ओर जहां पीएम के इस दौरे के लिए बीजेपी ने अपनी सारी ताकत झोंक दी है, वहीं यूपी में पार्टी के सहयोगी एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
PM Modi’s tool on Purvanchal will be on 14 seats in Varanasi and Ghazipur tour
तय कार्यक्रम के अनुसार गाजीपुर जाने के पहले प्रधानमंत्री दोहपर 12 बजे वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर से गाजीपुर जाकर आरटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में डाक टिकट जारी करने और मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने के बाद सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की गाजीपुर इस तीसरी यात्रा को पिछड़ी जातियों, खासतौर से राजभर मतदाताओं को साधने के नजरिए से देखा जा रहा है।

वाराणसी को करोड़ों की सौगात देंगे पीएम
प्रधानमंत्री गाजीपुर से वाराणसी लौटकर प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारी परखने के साथ फिलीपींस के बाद दक्षिण एशिया के दूसरे बड़े चावल अनुसंधान केंद्र का लोकार्पण करेंगे। 93 करोड़ की लागत से स्थापित यह केंद्र किसानों को बड़ा तोहफा होगा। इसके बाद मोदी पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में पूर्वांचल के 11 जिलों के बुनकरों, शिल्पियों और एमएसएमई सेक्टर के उद्यमियों से संवाद करेंगे। करीब एक हजार लाभार्थियों को दो हजार करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति की घोषणा के साथ 10 लाभार्थियों को खुद ऋण पत्र सौपेंगे। वह दो सौ करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

पूर्वांचल की 14 सीटों का समीकरण साधेंगे प्रधानमंत्री
सियासी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कही जा रही पीएम मोदी की गाजीपुर यात्रा को 2019 लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। गाजीपुर रैली में पीएम मोदी महाराजा सुहेलदेव पर डाक टिकट जारी करने के साथ पूर्वांचल की 14 राजभर बहुल लोकसभा सीटों पर मिशन 2019 के लिहाज से सियासी समीकरण भी साधने का काम करेंगे।

केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के गृह जनपद के साथ रइरढ के मुखिया और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गढ़ में होने वाली इस रैली में पूर्वांचल के सभी जिलों से राजभर समाज को बटोरने की कसरत एक पखवारे से चल रही है, वह कितनी सफल होती है, इसका जवाब गाजीपुर का आरटीआई मैदान शनिवार को देगा। पीएम की इस रैली में भीड़ जुटाने के लिए जातीय बैठकों का दौर शुरू होने के साथ प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री अनिल राजभर को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।