पुलिस चेकिंग के दौरान कारोबारी की कार में मिले 40.45 लाख रुपए और 1 किलो सोना जब्त

0
524

भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एफएसटी टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 41 लाख रुपए नगद व 990.94 ग्राम सोना सोना जब्त किया है। पकड़े गए सोने की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई पचोर थाना क्षेत्र में चेंकिग के दौरान की। जानकारी के मुताबिक राजगढ़ जिला कलेक्टर निधि निवेदिता व जिले के एसपी प्रदीप शर्मा के अगुआई में आचार संहिता के मद्देनजर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इंदौर के सराफा कारोबारी विनीत की स्विफ्ट कार नंबर एमपी 09 सीपी 5573 को रोककर चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने जब कार की सीटों के नीचे अच्छे से तलाशी ली तो पिछली सीट के नीचे बक्सा बनाकर रखा हुआ नजर आया।

जब इसे खुलवाकर देखा तो उसमें कैश सहित 990.94 ग्राम सोने की ज्वैलरी भरी हुई थी। सोने की कीमत करीब 24 लाख 71 हजार रुपए आंकी गई है। कारोबारी ये नकदी और सोना लेकर इंदौर जा रहा था। जब नकदी और ज्वैलरी के दस्तावेज मांगे गए तो कारोबारी संबंधित पेपर नहीं दे पाया, जिसकी वजह से रुपये व सोना जब्त कर लिया गया है।