TIO भोपाल
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में हॉर्स ट्रेडिंग पर कहा कि ‘‘मैं दिग्विजय सिंह के बयान से पूरी तरह सहमत हूं। भाजपा डरी हुई है, क्योंकि आने वाले दिनों में उनके 15 साल के शासनकाल में हुए घोटालों का खुलासा होने वाला है। विधायक मुझे कह रहे हैं कि हमें पैसा देने की बात की जा रही है। पहले तो मैं पूछता हूं कि इतना पैसा आया कहां से और अगर विधायकों को मुफ्त में पैसा (फोकट) में मिल रहा है तो उन्हें ले लेना चाहिए।’’ मीडिया के सरकार गिरने के सवाल पर नाथ ने कहा कि कोई चिंता की बात नहीं है। मध्यप्रदेश की सियासत एक बार फिर से गर्म हो गई है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाने के बाद एक बार फिर से हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा भाजपा ने कांग्रेस को समर्थन दे रहे विधायकों को दिल्ली लाना शुरू कर दिया है।
क्या कहा दिग्विजय सिंह ने?
मंगलवार को ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- भाजपा ने मध्यप्रदेश के कांग्रेस, बसपा और समाजवादी पार्टी के विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। बसपा की विधायक राम बाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह जी कल चार्टर फ़्लाइट में भोपाल से दिल्ली नहीं लाये? शिवराज जी कुछ कहना चाहेंगे? लेकिन हमें राम बाई पर पूरा भरोसा है वे कमल नाथ जी की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी। बता दें कि रामबाई भी कमलनाथ सरकार पर लगातार हमला बोल रही हैं।
इधर, कांग्रेस से सबलगढ़ के विधायक बैजनाथ कुशवाहा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा के अलावा इंदौर के 2 आरएसएस के पदाधिकारियों पर 25 करोड़ का ऑफर देने का आरोप लगाया है। मंगलवार को भोपाल पहुंचे कुशवाहा ने वरिष्ठ मंत्री गोविंद सिंह से भेंट करके उन्हें इसकी जानकारी दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कुशवाहा ने कहा- ‘‘भिंड से कोई प्रमोद शर्मा हैं, जिन्होंने मुझे कहा कि आप तो तैयार रहो किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री बनना है तो 5 करोड़ ले लो, मंत्री नहीं बनना है तो 25 करोड़ रुपए देंगे। प्रमोद शर्मा कभी शिवराज सिंह चौहान का तो कभी नरेंद्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा का नाम लेते हैं। वह ये भी कहते हैं रुपया कहां भेजना है, जगह बता दो।’’
मैं 100 करोड़ भी मिले, तब भी नहीं बिकूंगा : बैजनाथ कुशवाहा
कुशवाहा ने कहा कि 100 करोड़ भी दिए जाएं तो भी मैं नहीं बिक सकता। कांग्रेस ने मुझ जैसे जमीन से जुड़े आदमी को विधायक बनाया। ये भी कम नहीं है। मंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि विधायक कुशवाहा जमीन से जुड़े नेता हैं, वह ईमानदार व्यक्ति हैं और उन्हें खरीदा नहीं जा सकता है। जहां तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार की बात है तो वह गिरने वाली नहीं है। वह 5 साल और उससे भी आगे चलती रहेगी।
दिग्विजय ने लगाए थे आरोप
इससे पहले सोमवार को दिग्विजय सिंह ने भाजपा और शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाते हुए कहा था। बीजेपी जब से विपक्ष में आई है, उसके बाद से ही नरोत्तम मिश्रा और शिवराज सिंह चौहान खुलेआम कांग्रेस विधायकों को तोड़ने में लगे हैं। वे हमारे विधायकों को खरीदने के लिए 25-30 करोड़ रुपये का ऑफर दे रहे हैं। इस राशि का भुगतान तीन किश्तों में होगा। पहली किश्त राज्यसभा चुनाव से पहले, दूसरी किश्त राज्यसभा चुनाव के बाद और तीसरी किश्त सरकार गिराने के बाद विधायकों को दिए जाएंगे। कई विधायकों से इसके लिए अप्रोच किया गया है।
सपा और बसपा के दो विधायक
मध्यप्रदेश में समाजवादी पार्टी के एक विधायक है। राजेश शुक्ला समाजवादी पार्टी से विधायक हैं। वहीं, रामबाई को बसपा ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। जबकि बसपा के एक अन्य विधायक संजीव सिंह भी कमलनाथ सरकार के खिलाफ हमला बोल चुके हैं।
100 से 25 करोड़ पर आ गए, क्या विधायकों का अवमूल्यन हो गया : भार्गव
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि सवा साल हो रहे हैं, रोजाना वाद-प्रतिवाद हो रहा है। इस तरह का कोई प्रयास मेरी जानकारी में नहीं है। विधायकों को प्रलोभन देने की बात है, तो पहले 100 करोड़ रुपए कहा गया था, अब 25 करोड़ की बात हो रही है तो क्या विधायकों का इतना अवमूल्यन हो गया। बसपा विधायक रामबाई को दिल्ली ले जाने की बात है तो इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। जिस तरह से दिग्विजय सिंह जी ने सोमवार को इस तरह की बात शुरू की है, उससे लगता है कि वह राज्यसभा के लिए खुद की सीट पक्की करना चाहते हैं। वह खुद को मैनेजमेंट गुरु कहते भी हैं।
रामबाई बेटी को देखने दिल्ली गई हैं : विधायक पति
वहीं विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह ने कहा कि दिल्ली में उनकी बेटी पढ़ती है, वह बीमार है, इसलिए उसे देखने और इलाज गई हैं और शाम तक वापस भी लौट आएंगी। न तो कोई खरीद-फरोख्त हो रही है और न ही रामबाई को कोई दिल्ली लेकर गया है। विधानसभा सत्र से पहले इस तरह की बातचीत हर बात होती है।

