- कमलनाथ बोले- यह हिटलरशाही
- मध्य प्रदेश में कांग्रेस से बागी हुए सिंधिया गुट के 22 विधायक 10 दिन से बेंगलुरु में ठहरे हुए हैं
- दिग्विजय कांग्रेस नेताओं के साथ विधायकों से मिलने होटल गए, रोके जाने पर धरने पर बैठे थे
- बागी विधायकों ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री कमलनाथ पर गंभीर आरोप लगाए थे
- फ्लोर टेस्ट कराने को लेकर भी राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्पीकर के बीच चिट्ठियों का दौर जारी है
- मप्र में फ्लोर टेस्ट पर संग्राम / भाजपा की फ्लोर टेस्ट की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में दोपहर बाद सुनवाई; कांग्रेस के वकील ने जवाब देने के लिए वक्त मांगा
TIO भोपाल/बेंगलुरु
मध्यप्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह बंगलूरू के रामदा होटल के पास बागी विधायकों से मिलने को लेकर धरने पर बैठ गए। जहां से पुलिस ने उन्हें हटाया और थाने लेकर चली गई। उन्हें बंगलूरू पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया हुआ है। जहां वे भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उनके साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा और कांतिलाल भूरिया मौजूद हैं। वहीं आज उच्चतम न्यायालय भाजपा की बहुमत परीक्षण कराने वाली याचिका पर सुनवाई करेगी। माना जा रहा है कि अदालत कोई अहम फैसला दे सकती है।
दो घंटे बाद दिग्विजय को कहीं और ले जा रही है पुलिस
दो घंटे तक अमरुताहल्ली पुलिस स्टेशन से कहीं और लेकर जा रही है। सिंह ने कहा, ‘मुझे नहीं पता हमें कहा ले जाया जा रहा है। मुझे मेरे विधायकों से मिलने दिया जाना चाहिए। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। सरकार भी बचाएंगे और अपने विधायकों को भी वापस लाएंगे।’
मेरे पास ना बम है, ना पिस्तौल, फिर क्यों रोका: दिग्विजय
दिग्विजय सिंह ने कहा, ”पुलिस हमें विधायकों से मिलने नहीं दे रही है। मैं मध्य प्रदेश का राज्यसभा उम्मीदवार हूं। 26 तारीख को राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में वोटिंग होनी है। हमारे विधायकों को यहां होटल में बंधक बनाकर रखा गया है। वे हमसे बात करना चाहते हैं, लेकिन उनके मोबाइल छीन लिए गए। भाजपा नेता अरविंद भदौरिया और कुछ गुंडे अंदर हैं। विधायकों की जान को खतरा है। मेरे पास हाथ में ना बम है, ना पिस्तौल और ना कोई हथियार है। फिर भी पुलिस मुझे क्यों रोक रही है। मुझे मिलवा दें, उसके बाद चला जाऊंगा। इसमें क्या परेशानी है।”
पार्टी विधायकों से मिलने आए हैं दिग्विजय
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा, ‘दिग्विजय सिंह हमारी पार्टी के विधायकों से मिलने आए हैं। एक विधायक ने उनसे फोन के जरिए संपर्क करके उसे मुक्त कराने का अनुरोध किया। पुलिस के पास उन्हें रोकने का कोई अधिकार नहीं है। वे उच्च अधिकारियों से अनुरोध करना चाहते हैं क्योंकि ये लोग मुख्यमंत्री के निर्देशों पर काम कर रहे हैं।’
भूख हड़ताल पर बैठे दिग्विजय
बंगलूरू पुलिस दिग्विजय को अमरुतहल्ली पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची है। जहां उन्हें एहतियातन पुलिस हिरासत में रखा गया है। सिंह का कहना है कि वह अब भूख हड़ताल पर हैं। वह रामादा होटल के पास विधायकों से मिलने के लिए धरने पर बैठे हुए थे। जहां से पुलिस ने उन्हे हटा दिया है।
भाजपा सरकार कर रही शक्तियों का दुरुपयोग
कर्नाटक कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार ने कहा, ‘राज्य की भाजपा सरकार शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है। हमारी अपनी राजनीतिक रणनीति है। हमें पता है कि इस परिस्थिति को कैसे संभालना है। वह यहां अकेले नहीं हैं। मैं यहां हूं। मुझे पता है कि उनका साथ कैसे देना है, लेकिन मैं कर्नाटक में कानून व्यवस्था को बिगाड़ना नहीं चाहता।’