19 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी, मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज ने डाला वोट

0
282

TIO BHOPAL

देश के आठ राज्यों की 19 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। हालांकि, 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर आज चुनाव होना था लेकिन दो राज्यों की पांच सीटों पर बिना विरोध उम्मीदवारों का चयन हो गया है। 19 राज्यसभा सीटों के लिए सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मध्यप्रदेश में भाजपा विधायक भोपाल में राज्य विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने पहुंच गए हैं।

यह बहुत स्पष्ट है कि हम एक राज्यसभा सीट जीतेंगे: कमलनाथ

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस विधायकों के साथ मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत स्पष्ट है कि हम एक राज्यसभा सीट जीतेंगे।

 

कांग्रेस को झटका, SP-BSP विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को दिया वोट

मध्यप्रदेश में तीन राज्यसभा सीटों के लिए विधानसभा में वोटिंग जारी है। मतदान के बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। यहां बसपा विधायक ने पाला बदलते हुए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव कुशवाहा वोट देकर बाहर निकले और उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र के विकास के लिए शिवराज सरकार के साथ हूं।पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अपनी सरकार नहीं बचा सके और वोटों का गणित भाजपा की 2 सीटों के लिए है तो हम उनके साथ हैं और क्षेत्रीय विकास के लिए उनके साथ जा रहे हैं।

साथ ही बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव कुशवाहा ने कहा सदन के भीतर सरकार को समर्थन कर रहे हैं, मगर उपचुनाव में सभी 24 सीटों पर लड़ेंगे। बसपा विधायक संजीव कुशवाहा ने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने नेता का सम्मान नहीं कर पाए इसलिए यह स्थिति बनी। हमने पहले ही कहा था कि सरकार हमारे कारण नहीं गिरेगी बल्कि अपनों के कारण ही सरकार गंवा देगी।

इसके अलावा भाजपा को सपा विधायक राजेश शुक्ला का भी साथ मिल गया है। समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उन्होंने सुमेर सिंह सोलंकी भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। क्षेत्र के विकास के लिए वे भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं। विधानसभा में शुरूआती एक घंटे में करीब 64 वोट डाले जा चुके हैं।

तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में

गौरतलब है कि राज्यसभा की रिक्त तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेरसिंह सोलंकी तथा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और फूलसिंह बरैया हैं।

मेघालय के शिलांग में राज्य विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट के लिए मतदान जारी है। गुजरात में मातर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक केसरी सिंह जेसंगभाई सोलंकी एक एंबुलेंस में विधान सभा पहुंचे। उन्हें खराब स्वास्थ्य के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वे सीधे अस्पताल से यहां पहुंचे।