विपक्ष के कारनामे देश का अहित चाहने वालों के लिए ऑक्सीजन जैसे: PM मोदी

0
323

मुंबई

विधानसभा चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीड जिले के परली में पंकजा मुंडे के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कारनामे देश का अहित चाहने वालों के लिए ऑक्सीजन जैसे हैं। जनसभा से पहले मोदी ने यहां के प्रसिद्ध वैद्यनाथ मंदिर में दर्शन किए। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान है।

‘कांग्रेस के ज्यादातर नेता एक-दूसरे से निपटने में लगे’
मोदी ने भाषण की शुरुआत मराठी में बोलकर की। उन्होंने कहा- ‘‘आज एक साथ मुझे दो-दो भगवानों का दर्शन करने का सौभाग्य मिला। पहले बाबा बैजनाथ के चरणों में गया। जनता जनार्दन यानी ईश्वर का रूप होती है। उसके बाद आपके दर्शन का सौभाग्य मिला।’’

‘‘भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात परिश्रम करता है। कांग्रेस को अपनी चिंता करनी चाहिए। कार्यकर्ता और जमीनी नेता आपको छोड़कर भाग रहे हैं। कांग्रेस के अधिकतर नेता एक-दूसरे से निपटने में लगे हुए हैं। आपकी युति में जो युवा थे, वह जा रहे हैं और बुजुर्ग सिर में हाथ रखकर रोते रहते हैं।’’

‘कांग्रेस पर वोट बर्बाद न करें’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक तरफ बंटे हुए कुनबों का जमवाड़ा है तो दूसरी तरफ आपकी सेवा में युवा और कर्मशील भाजपा की टीम है। क्या थके और हारे हुए लोग आपका भला कर सकते हैं? अगर नहीं तो फिर ऐसे लोगों की जरूरत क्या है। फिर अपना वोट बर्बाद करने की जरूरत क्या है?

‘‘एक तरफ हमारी कार्य शक्ति और दूसरी तरफ उनकी स्वार्थ शक्ति है। लोग कार्य को पसंद करते हैं और स्वार्थ को नफरत करते हैं। इनके कारनामे ऐसे हैं, जिनसे भारत का अहित चाहने वालों को ऑक्सीजन मिलती है। जब अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला किया, तब इनका फिर से स्वार्थ जग गया।’’

‘हम देश के लिए काम करते हैं’
मोदी ने कहा, ‘‘जब भी इतिहास में अनुच्छेद 370 की चर्चा होगी, तब इसे हटाने का विरोध और मजाक बनाने वालों का नाम भी चर्चा में आएगा। इनके बयान भी सुनिए। एक नेता ने कहा कि 370 हटाने का मतलब किसी की हत्या करने के बराबर है। एक ने कहा कि 370 हटाने का मतलब इतिहास का सबसे काला दिन। इस फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा। हम राजनीति के लिए कोई काम नहीं करते बल्कि देश नीति के लिए काम करते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या लोकतंत्र खत्म हो गया, क्या आपका विश्वास कम हुआ? इन लोगों ने भारत के खिलाफ काम करने वालों को जमकर मौका दिया।’’

‘‘उन्होंने बयान दिया कि अगर जम्मू कश्मीर में हिंदू होते तो मोदी सरकार ऐसा फैसला नहीं लेती। इन्होंने देश को बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमने आर्टिकल 370 हटा कर कश्मीर को खो दिया क्या आपने खो दिया। मुझे कोई बताए क्या हमारे पास से कश्मीर चला गया। देश आजाद होने के बाद जिन्होंने सर्वाधिक समय तक देश पर राज किया, वह ऐसी भाषा बोलते हैं।’’

‘‘देश के खिलाफ उन्होंने इतने बयान दिए कि गिनाते-गिनाते मुझे 21 अक्टूबर तक यही रहना पड़ेगा। देश इन्हें इनके किए की सजा देगा, लेकिन आज महाराष्ट्र के पास सबसे पहले यह अवसर आया है। लोग मौके के इंतजार में है और आपके पास मौका दरवाजे पर दस्तक दे रहा है।’’

कल मुंबई में मोदी करेंगे चुनाव प्रचार का समापन
मोदी शुक्रवार को मुंबई में सभा करके चुनाव प्रचार का समापन करेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना ने गठबंधन किया है। इसके तहत 150 सीटों पर भाजपा और 125 सीटों पर शिवसेना चुनाव मैदान में है। जबकि 38 सीटों पर अन्य सहयोगी दल भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।