TIO NEW DELHI
संसद का मानसून सत्र अब तक काफी हंगामेदार रहा है। सत्र के पहले हफ्ते में लोकसभा और राज्यसभा, दोनों ही सदनों में एक भी दिन ठीक से कामकाज नहीं हो पाया। सोमवार को भी दोनों सदनों में हंगामा हो रहा है। पेगासस जासूसी, किसान आंदोलन और मीडिया पर छापेमारी को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों के समर्थन में ट्रैकर चलाकर संसद पहुंचे। उन्होंने कहा कि वो किसानों का संदेश लेकर संसद जा रहे हैं। सरकार को किसानों की आवाज सुननी होगी। सरकार किसानों का हक छीन रही है। उन्हें दबाया जा रहा है।
लोकसभा और राज्यसभा से जारी नोटिस के अनुसार, सरकार ने इस हफ्ते की कार्यवाही के लिए पांच अध्यादेशों को सूचीबद्ध किया है। इनमें होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (संशोधन) अध्यादेश, भारतीय चिकित्सा केंद्रीय परिषद (संशोधन) अध्यादेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अध्यादेश, दिवाला और दिवालियापन संहिता (संशोधन) अध्यादेश और आवश्यक रक्षा सेवा अध्यादेश शामिल हैं।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कुछ घंटों के लिए स्थगित
लोकसभा का कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। पेगासस मुद्दे पर चर्चा के विपक्ष लगातार मांग कर रहा था। इस दौरान जमकर नारेबाजी हो रही थी।
सिल्वर जीतने वाली मीराबाई चानू को संसद ने बधाई दी
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यसभा सदस्यों ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, लोकसभा और राज्यसभा ने वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीता है। मैं उन्हें सदन की ओर से बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि दूसरो एथलीट भी अपने-अपने खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।
रणदीप सुरजेवाला, बी वी श्रीनिवास को पुलिस ने हिरासत में लिया
कृषि कानूनों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया। इनमें रणदीप सुरजेवाला और बी वी श्रीनिवास भी शामिल हैं। सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी सरकार हमारे कांग्रेस के नेताओं को इसी तरह हिरासत में लेती रहेगी। मैं तो कहता हूं कि हमें 100 साल के लिए गिरफ्तार कर लीजिए, लेकिन काले कानूनों को वापस लीजिए।

