बागियों की कांग्रेस में नहीं होगी घर वापसी, सिंधिया समर्थकों पर भी पार्टी सख्‍त

0
294

TIO BHOPAL

मध्‍य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल का खेल भी शुरू हो चुका है। इसी बीच कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी सिंधिया समर्थकों को वापस कांग्रेस में एंट्री नहीं देगी। दरअसल, बुंदेलखंड में निकाली जा रही कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता अरुण यादव छतरपुर पहुंचे थे, जहां पिछले साल सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर यादव ने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़कर गए थे हम उनको बिल्कुल नहीं लेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।
इस दौरान अरूण यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 18 साल से काबिज भाजपा की सरकार ने घोटालों के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। आज प्रदेश में चल रही सरकारी योजनाओं में भाजपा के नेता और अधिकारी 50 प्रतिशत तक कमीशन ले रहे हैं। आज सरपंच और अधिकारी बताते हैं कि किस तरह प्रदेश में लूट चल रही है।
अरूण यादव ने राजनगर और महाराजपुर में नेताओं के बीच उपजे मतभेदों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस में सभी को बोलने की आजादी है इसलिए कई बार मतभेद हो जाते हैं लेकिन पार्टी पूरी तरह से एकजुट है।
गणेश चतुर्थी पर कांग्रेस ने प्रदेश के सात स्थानों से जन आक्रोश यात्रा शुरू की। 15 दिन में 11, 400 किमी की इस यात्रा में बड़ी और छोटी सभाएं होंगी। इस दौरान कांग्रेस नेता भाजपा सरकार पर प्रदेश को बर्बाद और बदहाल करने का आरोप लगाते हुए उसकी असफलताएं गिना रहे हैं।