TIO NEW DELHI
देश में कोरोना मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। बीते चौबीस घंटे में देशभर में कोरोना के 32 हजार से ज्यादा नए केस सामने आ गए हैं। इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंक़ड़ा 10 लाख के करीब पहुंच गया है। अगर कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार इसी तेजी से बनी रहती है तो शुक्रवार को देश में कोरोना मरीजों की संख्या 10 लाख को पार कर जाएगी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकारें भी हरकत में आ गई हैं। बिहार में जहां गुरुवार से 31 जुलाई तक चलने वाले टोटल लॉकडाउन की शुरुआत हो गई है। वहीं महाराष्ट्र, असम, ओडिशा, मध्यप्रदेश, यूपी सहित अन्य राज्यों में संक्रमित क्षेत्रों में पाबंदियां लगा दी गई हैं।
एक दिन में मरीजों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
देश में कोरोना मरीजों की बढ़ती रफ्तार के बीच बीते 24 घंटे में मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। देश में 32,695 नए मामले सामने आए हैं, वहीं इस दौरान 606 लोगों की मौत भी हो गई है। इसके साथ ही देश में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 9,68,876 पर पहुंच गई है, वहीं इनमें से 3,31,146 वर्तमान में एक्टिव केस हैं। देश में 6,12,815 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।
एक दिन में 3.26 लाख कोरोना टेस्ट
ICMR की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 15 जुलाई को देशभर में 3,26,826 कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 1,27,39,490 कोरोना टेस्ट हो चुके हैं।
बिहार में आज से लॉकडाउन
बिहार में कोरोना के बढ़ रहे केसों के मद्देनजर सरकार ने 31 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन कर दिया है। इसकी शुरुआत गुरुवार से हो गई है। बता दें कि सूबे में कोरोना के मरीज 19 हजार तक पहुंच गए हैं। साल के आखिर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियों में जुड़े भाजपा नेता भी बड़ी संख्या में कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसके अलावा सीएम हाउस तक भी यह घातक संक्रमण पहुंच चुका है।
पुणे में 23 जुलाई तक लॉकडाउन
महाराष्ट्र राज्य कोरोना संक्रमण से अब तक सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। इस बीच पुणे में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। यह दो चरणों में लगाया गया है। पहला चरण 13 से 18 जुलाई और दूसरा चरण 18 से 23 जुलाई तक रहेगा। लॉकडाउन के दौरान पुलिस सख्ती से वाहनों की चेकिंग कर रही है।