स्पोर्ट्स डेस्क
भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। लंच तक के खेल में भारतीय टीम पूरी तरह हावी रही। टीम इंडिया 30 ओवर्स के बाद बिना किसी नुकसान के 91 रन बना चुकी है। क्रीज पर मयंक अग्रवाल (39) और रोहित शर्मा (52) और टिके हुए हैं।
सेनुरन मुथुसामी के ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा ने हवा में शॉट लगाते हुए गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाया, इसी के साथ रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। बतौर ओपनर टेस्ट में यह उनका पहला अर्धशतक है। वर्ल्ड कप के बाद रोहित शर्मा के बल्ले से अब जाकर शानदार पारी निकली।
इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया आज मैदान पर कुछ बड़े बदलाव के साथ उतरी। पहला परिवर्तन विकेटकीपिंग में ही देखने को मिलेगा, जहां ऋषभ पंत की जगह ऋद्धिमान साहा नजर आएंगे, वहीं लंबे समय बाद आर अश्विन की भी टीम में वापसी हुई। रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट में पहली बार ओपनिंग कर रहे हैं।
भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच ये 14वीं टेस्ट सीरीज है। पिछली बार भारत ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था। तब टीम इंडिया 1-2 के अंतर से सीरीज हार गई थी। भारतीय टीम को पिछली सीरीज जीत 2015 में मिली थी। तब उसने दक्षिण अफ्रीका को 4 टेस्ट की सीरीज में 3-0 से हराया था। एक मुकाबला ड्रॉ रहा था।
दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मैच में भारतीय टीम को जीत मिली थी। भारत ने जोहानंसबर्ग में खेले गए उस मुकाबले को 63 रन से अपने नाम किया था। वहीं, भारतीय मैदानों पर दोनों के बीच पिछला मुकाबला दिसंबर, 2015 में दिल्ली में खेला गया था। तब भी टीम इंडिया ही जीती थी। उसने दक्षिण अफ्रीकी टीम को 337 रनों के विशाल अंतर से हराया था।