यूक्रेन पर हमले का तीसरा दिन: कीव में रूसी सैनिक घुसे, आमने-सामने की जंग शुरू

0
1127

TIO NEW DELHI

रूस की सेना यूक्रेन पर हमलों की रफ्तार तेज करते हुए जल्द ही कीव पर कब्जा कर सकती है। पिछले तीन दिनों में रूसी सेना ने यूक्रेन पर चार तरफ से हमला कर उसकी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया है। हालांकि, राजधानी कीव अभी तक रूसी सेना के कब्जे से दूर रही थी। अब खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चिंता जताई है कि कीव पर रूसी सेना के कब्जे का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की रात हमारे लिए सबसे कठिन होने वाली है, लेकिन हमें खड़े रहना होगा। बताया गया है कि जेलेंस्की को अमेरिका की तरफ से यूक्रेन छोड़ने का प्रस्ताव मिला था। लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। यूक्रेन पर रूस के हमले का आज तीसरा दिन है। शनिवार को राजधानी कीव समेत यूक्रेन के सभी अहम शहरों में धमाके हुए हैं। रूसी सैनिक राजधानी कीव में दाखिल हो गए हैं और यूक्रेनी सैनिकों से उनकी आमने-सामने की लड़ाई शुरू हो चुकी है। इस बीच यूक्रेन ने 300 रूसी पैराट्रूपर्स से भरे दो प्लेन मार गिराने का दावा किया है। रूसी सैनिकों ने कीव के एयरपोर्ट पर कब्जा कर लिया है।

रूस की ओर से यूक्रेन पर जारी हमलों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को निकालने की कोशिश तेज कर दी है। एयर इंडिया का एक रेस्क्यू विमान शनिवार सुबह ही रोमानिया के बुखारेस्ट पहुंच गया। यह विमान रूस की सीमा तक पहुंचने वाले भारतीयों को लेकर वापस आएगा।
यूक्रेन संकट: भारतीय दूतावास की अपील- बिना बताए सीमाई इलाकों पर न जाएं
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के प्रयासों के बीच यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने नागरिकों से उसके अधिकारियों के साथ समन्वय के बिना सीमा चौकियों पर नहीं जाने को कहा है। भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘सीमा जांच चौकियों पर स्थिति संवेदनशील है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए हम पड़ोसी देशों में हमारे दूतावासों के साथ काम कर रहे हैं।’’ उसने कहा,‘‘ हमारे लिए उन भारतीयों को निकालना मुश्किल हो रहा है जो बिना सूचना दिए सीमा जांच चौकियों पर पहुंच गए हैं। जो भारतीय नागरिक पूर्वी क्षेत्र में हैं, उनसे अगले निर्देश तक अपने निवास स्थान पर रहने का अनुरोध किया जाता है।’’ दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा कि वे अनावश्यक गतिविधि से बचे, सावधानी बरतें, अपने आसपास की घटनाओं और हाल के घटनाक्रम को लेकर चौकन्ना रहें।

यूक्रेन ने मार गिराए रूस के दो सैन्य परिवहन विमान
रूस के दूसरे इल्युशीन 1आई-76 सैन्य परिवहन विमान को बिला सेरकवा के निकट मार गिराया गया। यह स्थान राजधानी कीव से 85 किलोमीटर दक्षिण में है। यूक्रेन में जमीनी हकीकत पर निगाह रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को यूक्रेन की सेना ने कहा था कि उसने रूस के सैन्य परिवहन विमान को मार गिराया है। सेना के जनरल स्टॉफ की ओर से जारी बयान के अनुसार पहले 1आई-76 भारी परिवहन विमान को कीव के दक्षिण में स्थित शहर वासेकीव के निकट मार गिराया गया। रूस की सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है और खबर की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।

एयर इंडिया का विमान यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए बुखारेस्ट रवाना
एयर इंडिया के एक विमान ने रूस के आक्रमण के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के वास्ते रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए शनिवार सुबह मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या एआई1943 ने तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी और उसके भारतीय समयानुसार सुबह करीब दस बजे बुखारेस्ट हवाईअड्डे पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंच गये हैं, उन्हें भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले जायेंगे ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ानों के जरिए स्वदेश लाया जा सके। एयर इंडिया यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिए शनिवार को और उड़ानें संचालित करेगी।

इससे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। भारत, चीन और UAE ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, रूस ने वीटो पावर का इस्तेमाल कर इस निंदा प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

जरूरी अपडेट्स​​​…

रूस से लड़ने के लिए अमेरिका यूक्रेन को 600 मिलियन डॉलर की मदद देगा। इसके तहत यूक्रेन को घातक रक्षा हथियार दिए जाएंगे।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस का यूक्रेन पर कब्जे का कोई इरादा नहीं है। अगर यूक्रेन की सेना हथियार डालती है तो मॉस्को बातचीत के लिए तैयार है।
यूक्रेन ने दावा किया कि उसने रूसी विमान को मार गिराया है। इस विमान में 150 रूसी पैराटूपर्स सवार थे। कितने मारे गए और कितने बचे.. यह जानकारी नहीं दी।
यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की ने कहा कि आज रात राजधानी कीव पर रूसी सैनिकों का हमला होगा। उन्होंने नागरिकों से जंग में कूदने की अपील की है।
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को बिना अधिकारियों के साथ बातचीत किए बॉर्डर के इलाकों में जाने से मना किया है।
अमेरिका ने यूक्रेन जाने वाले नागरिकों के लिए लेवल-4 की वॉर्निंग ट्रैवल एडवाइजरी जारी की, इसमें नागरिकों को संवेदनशील जगहों पर न जाने की चेतावनी दी गई है।
ब्रिटेन ने पुतिन और उनके विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की सभी संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया। कनाडा और यूरोपियन यूनियन ने रूस को स्विफ्ट पेमेंट सिस्टम से बाहर करने की बात कही।
इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, अगर पश्चिमी देशों के साथ युद्ध शुरू होता तो पुतिन परमाणु हथियार का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
फ्रांस ने यूक्रेन को 300 मिलियन यूरो की सहायता और मिलिट्री इक्विपमेंट भेजने की पेशकश की। EU में पुतिन की यूरोप में मौजूद सभी सम्पत्ति जब्त करने पर सहमति बन गई है।

भारत ने रूस के खिलाफ प्रस्ताव पर वोट नहीं किया, जानिए 3 वजहें

  1. संयुक्त राष्ट्र में भारत के रिप्रेजेंटेटिव टीएस तिरुमूर्ति ने कहा- इस बात का अफसोस है कि डिप्लोमैसी का रास्ता छोड़ दिया गया है, हमें उस पर लौटना होगा। इन सभी वजहों से भारत ने इस प्रस्ताव पर परहेज करने का विकल्प चुना है।
  2. तिरुमूर्ति बोले- सभी सदस्य देशों को कंस्ट्रक्टिव तरीके से आगे बढ़ने के लिए यूएन के सिद्धांतों का सम्मान करना जरूरी है। आपसी मतभेदों और विवादों को निपटाने के लिए डायलॉग ही एकमात्र तरीका है, हालांकि इस समय यह मुश्किल लग सकता है।
  3. भारत ने कहा कि यूक्रेन में हाल के घटनाक्रम से भारत बहुत ज्यादा परेशान हैं। हिंसा और दुश्मनी को जल्द खत्म करने की सभी कोशिशें की जाएं। इंसानी जान की कीमत पर कोई भी हल नहीं निकाला जा सकता है।