महेश्वर (मध्यप्रदेश). फिल्म दबंग-3 की शूटिंग दूसरे दिन मंगलवार को यहां के किला परिसर और नर्मदा घाट पर हुई। सलमान खान ने हुड़ दबंग दबंग…गाने पर साधु-संतों की वेशभूषा में सह कलाकारों के साथ डांस किया। साधु बने कलाकारों पर नर्मदा में डुबकी लगाने के दृश्य फिल्माए गए। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इनका कहना है कि साधू-संतों को इस तरह से दिखाना हमारी संस्कृति की गलत तस्वीर पेश करना है।

नवयुवक हिंदू मित्र मंडल ने गाने में साधू-संतों को इस तरह से दिखाने पर कलेक्टर गोपालचंद डाड को ज्ञापन सौंपा। मंडल ने फिल्म की शूटिंग रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे साधू-संतों की गलत छवि बनेगी। यह हमारी भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

31 दिसंबर को रिलीज हो सकती है फिल्म : दबंग 3 की महेश्वर और मांडू में शूटिंग पूरी होने के बाद महाराष्ट्र के वाई में करीब 80 दिन का शेड्यूल है। सूत्रों ने बताया कि फिल्म 31 दिसंबर को रिलीज हो सकती है।फिल्म का डायरेक्शन प्रभुदेवा कर रहे हैं। सलमान-प्रभुदेवा ने इससे पहले 2009 में फिल्म वांटेड में साथ काम किया था।
7 अप्रैल तक चलेगी शूटिंग : फिल्म की शूटिंग सोमवार को नर्मदा घाट पर शुरू हुई थी। यह 7 अप्रैल तक चलेगी। बीच में दो दिन 4 और 5 अप्रैल को शूटिंग नहीं होगी। 5 अप्रैल को भूतड़ी अमावस्या होने से निमाड़-मालवा के श्रद्धालु बड़ी संख्या में 4 अप्रैल की शाम से ही नर्मदा घाट पहुंचने लगेंगे। उनको कोई परेशानी ना हो इसके लिए शूटिंग 2 दिन के लिए निरस्त की गई है।
टाइटल ट्रैक से हुई शूटिंग की शुरुआत: महेश्वर में शूटिंग की शुरुआत फिल्म के टाइटल सॉन्ग ‘हुड़-हुड़ दबंग’ से की है। इसके लिए नर्मदा घाट स्थित मंदिर में लगन मंडप का सेट भी तैयार किया गया है। 1 से 3 अप्रैल के बाद 14 अप्रैल को 1 दिन के लिए फिर से यहां ‘दबंग 3’ की शूटिंग हो सकती है।
सलमान ने शेयर किया था वीडियो : महेश्वर पहुंचने से पहले सलमान और अरबाज अपने जन्म स्थान इंदौर पहुंचे थे। इसकी जानकारी दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करके दी थी। इस वीडियो में वे बता रहे हैं कि इंदौर इनकी जन्मभूमि है और यहीं पर उनके दादा जी काम किया करते थे। सलमान ने यह वीडियो शेयर कर लिखा… ‘Back in our birthplace for #Dabangg3’.

