भोपाल। सरकार में आते ही मंदसौर गोलीकांड सहित सिंहस्थ घोटाले और अन्य मुद्दों पर कांग्रेस के सुर बदल गए हैं। गृह मंत्री बाला बच्चन ने मंदसौर गोलीकांड में प्रशासन को बेकसूर ठहरा दिया। सोमवार को विधानसभा में लिखित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंदसौर में किसानों पर गोली कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आत्मरक्षा में चलाई गई थी। विधायक हर्ष विजय गेहलोत के सवाल के जवाब में बाला बच्चन ने कहा कि मंदसौर के पिपलिया मंडी थाना में 6 जून 2017 को हिंसक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आत्मरक्षा और सरकारी व निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए गोली चलाई गई थी।
sarakaar mein aate kaangres ke badale sur, mandasaur goleekaand mein prashaasan ko bataaya bekasoor
मामले की जांच कर रहे आयोग की रिपोर्ट पर सरकार परीक्षण कर रही है और इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। बाला बच्चन ने कहा कि संपत्तियों की रक्षा के लिए तत्कालीन एसडीएम मल्हारगढ़ श्रवण भंडारी ने कानूनी प्रक्रिया का पालन कर गोली चलाने का आदेश दिया था। मंदसौर गोलीकांड के वक्त कांग्रेस प्रदेश में विपक्ष में थी। गोलीकांड की पहली बरसी पर मंदसौर में हुई सभा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था, ‘प्रदेश की सरकार ने किसानों पर आक्रमण किया, गोली चलाई, किसानों को मारा। मंदसौर गोलीकांड के बाद कांग्रेस ने पूरे देश में इसे मुद्दा बनाया था।
सिंहस्थ घोटाले की जांच से भी यू-टर्न
राज्य सरकार ने सिंहस्थ घोटाले की जांच से भी यू-टर्न ले लिया है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने विधानसभा में सवाल पूछा था कि क्या राज्य सरकार सिंहस्थ 2016 में हुई आर्थिक अनियमितताओं की जांच करने वाली है? इस पर नगरीय विकास मंत्री जयवर्धन सिंह ने लिखित जवाब में जांच से इनकार किया है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नेताओं ने बार-बार सिंहस्थ घोटाले का मुद्दा उठाया और सरकार में आने पर जांच की बात कही थी। यहां तक कि विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस ने विधायकों की एक जांच कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने भी सिंहस्थ में कई घोटाले गिनाए थे।
कांग्रेस ने किसानों को गुमराह किया
गृह मंत्री बाला बच्चन के जवाब पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों और देश को गुमराह किया है। भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि मंदसौर गोलीकांड मामले में सरकार ने यह स्वीकार किया है कि मानक प्रक्रिया का पालन किया गया था।

