बेंगलुरु
चंद्रयान-2 की लैंडिंग शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि चांद पर होगी। अधिकारी इसे चुनौतीपूर्ण मान रहे हैं और उनके बीच उत्साह का माहौल भी है। मिशन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा- हर किसी की जुबान अभी बंद है। मैं भी चुप हूं। एक बार इवेंट पूरा हो जाने दीजिए। हर किसी के दिमाग में केवल यही चल रहा है कि चंद्रयान-2 (स्पेसक्राफ्ट) और विक्रम (लैंडर) का क्या हो रहा है। सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि इसकी लैंडिंग सफल रहे।
हालांकि अधिकारी यह मानते हैं कि विक्रम (लैंडर) सफलतापूर्वक चांद की सतह पर लैंड हो जाएगा। हाल ही में इसरो चेयरमैन के.सिवन ने कहा था कि स्पेस एजेंसी ने मिशन को सफल बनाने के लिए जो कुछ भी संभव था, वह सबकुछ किया। चंद्रयान-2 की लैंडिंग सभी के लिए एक खौफनाक पल होगा। इसके साथ कई उलझनें जुड़ी रहती हैं।
हम सभी को इस पल का इंतजार: पूर्व चेयरमैन नायर
भूतपूर्व इसरो चेयरमैन जी.माधवन नायर ने कहा- यह एक विलक्षण इवेंट साबित होने जा रहा है। हम सभी इसके लिए आतुर हैं। मुझे इसकी सफलता को लेकर शत-प्रतिशत भरोसा है। एक दशक पहले नायर ने चंद्रयान-1 मिशन को हेड किया था।
अभी तक सारी चीजें योजना के मुताबिक रहीं: पूर्व चेयरमैन कुमार
एक और भूतपूर्व इसरो चेयरमैन ए.एस.किरण कुमार ने कहा- अभी तक जो कुछ भी हुआ, उसकी तुलना में फिलहाल हम सबसे ज्यादा संवेदनशील दौर में हैं। अब तक सारी चीजें योजना अनुसार ठीक रही हैं। उम्मीद है कि आगे भी सारी बातें योजना के मुताबिक ही होंगी।
मध्यरात्रि में चांद पर होगी चंद्रयान-2 की सॉफ्ट लैंडिंग
चंद्रयान-2 मिशन 22 जुलाई को लॉन्च किया गया था। 14 अगस्त को लैंडर और रोवर ने पृथ्वी की कक्षा को छोड़ा था। 6 दिन बाद इसने लूनर ऑर्बिट में प्रवेश किया था। 2 सितंबर को विक्रम सफलतापूर्वक ऑर्बिटर से अलग होने में सफल रहा। मिशन के अनुसार विक्रम (लैंडर) शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि में 1 से 2 बजे के बीच लैंड करेगा।