SDM और डॉक्टर, सिंधिया के PA भी पॉजिटिव, कोरोना संक्रमण ने पकड़ ली रफ्तार

0
300

TIO NEW DELHI

मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में प्रदेश भर में 308 केस मिले हैं। एक दिन पहले 221 केस आए थे। एक्टिव केस बढ़कर 1029 हो गए हैं। संक्रमितों में कलेक्टर, SDM और डॉक्टर भी शामिल हैं। सिंधिया के PA भी पॉजिटिव आए हैं।

सबसे ज्यादा 137 संक्रमित इंदौर में ही मिले हैं। इनमें एक SDM  अक्षय मर्काम भी हैं। यहां 1 मरीज की मौत भी हुई है। 21 दिसंबर को भी दो मौतें हो चुकी हैं। संक्रमण दर बढ़कर 1.85 हो गई है। नए संक्रमितों में 69 भोपाल से हैं। दतिया कलेक्टर संजय कुमार, उनकी पत्नी और परिवार के दो अन्य सदस्य भी पॉजिटिव हो गए हैं। कलेक्टर की बेटी दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटी थी।

ग्वालियर में 25 संक्रमित मिले हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के PA पाराशर और उनके बेटे पॉजिटिव आए हैं। नीदरलैंड में नौकरी करने वाले 42 साल का शख्स, पत्नी और 6 साल का बेटा संक्रमित मिले हैं। ये लोग 16 दिसंबर को ग्वालियर आए थे। वापस जाने के लिए उन्होंने अपना सैंपल दिया तो रिपोर्ट में तीनों संक्रमित पाए गए। जनकगंज डिस्पेंसरी के वरिष्ठ चिकित्सक को खांसी, जुकाम और बुखार था। उन्होंने जांच कराई, तो वह भी संक्रमित निकले। बीमार होने से पहले वह अस्पताल में मरीज देख रहे थे। डॉक्टर कोरोना की दूसरी लहर में भी संक्रमित हुए थे। जिला अस्पताल मुरार में पदस्थ 39 साल का कर्मचारी भी संक्रमित निकला है।

भारत में ओमिक्रॉन की एंट्री 2 दिसंबर को हुई थी और करीब 1 महीने में ही केसेज बढ़कर 1700 से भी ज्यादा हो गए हैं। इस वजह से एक हफ्ते में देश में कोरोना संक्रमण की दर लगभग तीन गुना बढ़ गई है।

ओमिक्रॉन को लेकर चिंता की बात ये है कि ये तेजी से फैल रहा है, लेकिन इससे संक्रमित लोगों में गंभीर लक्षण कम है। गंभीर लक्षण भले ही कम हों, लेकिन मरीजों की ज्यादा संख्या हमारे लिए खतरे की घंटी है। अनुमान के मुताबिक, तीसरी लहर की पीक के दौरान 40-60 हजार मरीजों को हॉस्पिटलाइज करने की जरूरत पड़ सकती है। ये हमारे हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए नई चुनौती पैदा कर सकता है।

दिल्ली के CM और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव आने से पंजाब-चंडीगढ़ में भी हड़कंप मच गया है। केजरीवाल ने सोमवार को देहरादून में सभा की थी, तो वहीं कुछ दिन पहले चंडीगढ़ और पटियाला में भी रैली की थी। इसके अगले दिन नए साल पर वे अमृतसर में धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने गए थे। इनमें से किसी जगह केजरीवाल मास्क लगाए नहीं दिखे थे।

किसी भी वायरस की गंभीरता उसमें होने वाले म्यूटेशन के आधार पर तय की जाती है और कोरोना का जो नया वैरिएंट फ्रांस में मिला है, उसमें 46 म्यूटेशन देखे गए हैं। इससे एक बात तो साफ है कि यह नया वैरिएंट काफी खतरनाक साबित हो सकता है। हालांकि, फिलहाल इस पर शोध होना बाकी है। शुरुआती आंकड़ों से पता चला है कि इस नए वैरिएंट की फिलहाल ज्यादा संक्रमण दर नहीं है। वैज्ञानिकों को चिंता इस बात की है कि नया वैरिएंट फ्रांस की सीमा के बाहर ब्रिटेन में प्रवेश कर सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 

भारत में कोराना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 37,379 नए मामले सामने आए हैं और 124 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 11,007 मरीज स्वस्थ भी हुए। लेकिन इस बीच सक्रिय मरीजों की संख्या ने चिंता बढ़ा दी है। देश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1,71,830 हो गई है जो कि चिंताजनक है। देश में दैनिक संक्रमण दर 3.24 फीसदी हो गई है। वहीं अब तक कुल मृतकों की संख्या 4,82,017 हो गई है। जबकि स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या की बात करें तो 3,43,06,414 हो गई है। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 146 करोड़ को पार कर गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,892 हो गई है। 568 मामलों के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर बना हुआ है वहीं 382 मरीजों के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है। 185 मामलों के साथ केरल तीसरे स्थान पर बना हुआ है।  ओमिक्रॉन के 1,892 मरीजों में से 766 मरीज़ रिकवर हो गए हैं। 

पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद सचेत हुई सरकार ने 15 जनवरी तक प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। अब रात में 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कुछ परिस्थितियों को छोड़कर आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। इसे अभी शहरों और कस्बों में लागू किया जाएगा। वहीं बार, सिनेमा हॉल, मॉल, रेस्तरां और स्पा 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित किए जाएंगे। इसमें कर्मचारियों का पूर्ण टीकाकरण आवश्यक होगा। जिम बंद रहेंगे। वहीं सरकारी, प्राइवेट कार्यालयों में जाने की अनुमति टीके की दोनों डोज ले चुके कर्मचारियों को ही होगी। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज, यूनिवर्सिटी और कोचिंग सेंटर भी बंद कर दिए गए हैं। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, स्विमिंग पूल और स्टेडियम भी बंद कर दिए गए हैं। एसी बसों में आधी ही सवारियां बिठाने के आदेश दिए गए हैं।