भोपाल, इंदौर और उज्जैन की सीमाएं सील; छोटे शहरों में कोरोना के मरीज मिलने से संक्रमण का खतरा और ज्यादा बढ़ा, दहशत में लोग

0
229

TIO भोपाल

 आज लॉकडाउन का 16वां दिन है। मध्य प्रदेश में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 403 हो चुकी है। इनमें 31 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। भोपाल और इंदौर में कहर बरपा रहा कोरोना अब छोट शहरों में पहुंच गया है। दो दिनों में छोटे शहरों में करीब 24 केस सामने आए। आशंका व्यक्त की जा रही है- जैसे-जैसे छोटे शहरों में सैंपल जांच का दायरा बढे़गा और नए मरीज सामने आएंगे। छोटे शहरों में जो भी संक्रमित मरीज मिले हैं, उनकी हिस्ट्री के अनुसार वे बीते 15 दिन में जमातियों के संपर्क में आए थे। यानी जमातियों ने कोरोना करियर का काम किया।

इंदौर और भोपाल में में बढ़ती मरीजों की संख्या और इनके पड़ोसी जिलों में नए संक्रमित मरीज मिलने के बाद भोपाल, इंदौर और उज्जैन की सीमाओं को सील करने के आदेश दिए गए हैं। 16 दिन से चले आ रहे लॉकडाउन से लोगों को जरूरत के सामान की दिक्कत आने लगी है। पूरे प्रदेश में लोगों को जरूरत का सामान नहीं मिल रहा है, लोग परेशान हैं। सरकार के जरूरी सामान की आपूर्ति में कमी नहीं होने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। भोपाल के कई इलाकों में दूध की किल्लत हो रही है। चार दिन से सब्जी की सप्लाई नहीं हुई है। घरों में किराने का सामान भी खत्म गया है। लोग खाना बनाने की जरूरी चीजों के लिए भी परेशान हैं। ऐसा ही हाल पूरे प्रदेश का है।

इंदौर: एक दिन में 6 मौत, 40 पॉजिटिव
इंदौर में बुधवार को एक दिन में 40 नए पॉजिटिव मरीज मिले तो 6 लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिव में एक डॉक्टर और 11 माह का बच्चा भी है। शहर में अब 213 पॉजिटिव, जबकि 21 मृतक हो गए हैं। केवल 16 दिन में शहर में 5 से बढ़कर मरीज 200 पार हो गए। एक दिन में 40 पॉजिटिव मरीज और मृत्यु का आंकड़ा भी अब तक का सर्वाधिक है। मौतों के मामले में इंदौर अब मुंबई से ही पीछे रह गया है। मुंबई में अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में नए इलाकों से मरीज मिल रहे हैं। ये इलाके सुदामा नगर, रूपराम नगर, विंध्याचल नगर, छत्रीपुरा, प्रेम नगर, सीतलामाता बाजार हैं। महू एएसपी और जूनी इंदौर थाने के आरक्षक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

छिंदवाड़ा में कोरोना से मरने वाले की बहन-बहनोई भी पॉजिटिव, पिता पहले से संक्रमित
छिंदवाड़ा में अब तक 4 कोरोना पॉजिटिव हो गए। इनमें एक युवक की मौत हो चुकी है। तीन पॉजिटिव को आइसोलेशन में रखा गया है। बताया गया कि कोरोना से मरने वाले युवक के संपर्क में बड़ी बहन और जीजा आए थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक के पिता की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है। वाणिज्य कर विभाग में पदस्थ रहा किशनलाल इंदौर में कोरोना का संक्रमण फैलने के बाद छिंदवाड़ा आया था। यहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के दो दिन बाद मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पिता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। प्रशासन ने किशनलाल के संपर्क में आए करीब दो दर्जन सैंपल जांच के लिए भेजे थे।

सेंधवा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हो गई है। अमन नगर में कोरोना पॉजिटिव 3 मरीज मिलने के बाद सैंपल इंदौर भेजे गए थे। इनमें से बुधवार को 9 कोरोना पॉजिटिव मिले। 8 खलवाड़ी मोहल्ला क्षेत्र के हैं जबकि एक स्वास्थ्य कर्मचारी है। इससे अस्पताल के कर्मचारी भी चिंतित हैं। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वे पहले से ही निजी अस्पताल में क्वारैंटाइन हैं। वहीं, खंडवा में एक मरीज मिलने के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है।

इटारसी: 48 घंटे में 6 कोरोना पॉजिटिव, 150 होम क्वारैंटाइन

इटारसी में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 6 हो गई है। बुधवार को पांच नए मरीज मिले।  इटारसी के डॉक्टर हेडा की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई। यहीं जीन मोहल्ले में एक ही परिवार के चार सदस्य पॉजिटिव पाए गए। परिवार के अलीगढ़ और इंदौर से संपर्क से आए मेहमानों के कारण स्वास्थ्य विभाग कॉन्ट्रैक्ट हिस्ट्री पता करने में जुटा है। बताया जा रहा है कि जिस परिवार के चार सदस्य पॉजिटिव मिले, उसके पुरुष सदस्य की एक हफ्ते पहले मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग मामला संदिग्ध मानकर चल रहा है। परिवार के सदस्य जिन लोगों को रिश्तेदार बता रहे हैं वे जमाती हो सकते हैं।

विदिशा: महिला जमातियों के संपर्क में आई बच्ची कोरोना पॉजिटिव

गंजबासौदा की मकबरा मस्जिद के पास रहने वाली 8 साल की बालिका बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिली। यह बालिका भी जमातियों के संपर्क में आई थी। 22 मार्च को दिल्ली से आई 10 लोगों की जमात इसी परिवार में रुकी थी। इससे पहले सिरोंज में कोरोना का पहला मरीज मिला था। 3 दिनों के अंदर विदिशा जिले में बुधवार रात को कोरोना पॉजिटिव दूसरा मरीज मिला है। फिलहाल, गंजबासौदा में कर्फ्य्ू लगा दिया गया। यहां सिर्फ दूध और दवाई की दुकानें खुली रहेंगी। जमातियों के साथ आईं 5 महिलाएं बारदाना कारोबारी के घर पर ठहरी थीं। 5 अन्य पुरुष जमाती मकबरा मस्जिद में ठहरे थे जो कि इसी इलाके के वार्ड नंबर 16 में स्थित है।

खरगोन:  शहर में 9 और गांव में तीन मरीज, दो की मौत
डेढ़ लाख आबादी के खरगोन शहर में अब तक 9 और जिले में तीन संक्रमित मिले है। इनमें एक 65 साल के पुरुष और 72 साल की महिला की जान गई है। जबकि तीन मरीज गांवों के हैं। पिछले 15 दिन में सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित 1.30 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। 117 सैंपल इंदौर भेजे गए। जिले में तीन गांव और शहर के सहकारनगर को कैंटोेनमेंट एरिया घोषित किया है। इंदौर से तीन दिन में रिपोर्ट आती है। दोनों बुजुर्गों की मौत के बाद कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। खरगोन में इलाज की व्यवस्था न होने से सारे पॉजिटिव मरीज इंदौर रेफर किए जा रहे हैं। आगे मरीज बढ़ते हैं तो स्थानीय स्तर पर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की समस्या होगी। इसलिए प्रशासन ने निजी डॉक्टरों से मदद मांगी है। सीएमएचओ डॉ. रजनी डाबर का कहना है कि अभी पॉजिटिव मरीज इंदौर भेज रहे हैं।

खरगोन के व्यापारी ने 8 परिजन में फैलाया कोरोना
दक्षिण अफ्रीका के डरबन की यात्रा के बाद दिल्ली मरकज में शामिल होकर सहकारनगर का 49 साल व्यापारी मार्च में पत्नी के साथ लौटा था। तबीयत बिगड़ने पर व्यापारी ने जांच कराई तो पॉजिटिव पाया गया। परिवार के 8 अन्य लोगों को भी संक्रमित कर दिया। व्यापारी ने लॉकडाउन में 8 दिन बीमार मां की तीमारदारी की। खुद संक्रमित हुए। मां ने दम तोड़ा। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसके बाद 8 सदस्यों के सैंपल पॉजिटिव आए।

ग्वालियर: कोरोना पॉजिटिव के मकान में रहने वाले भाई-बहन से डॉक्टर बोले- लक्षण दिखें, तब आना
जेएएच की स्टाफ नर्स के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वह आमखो स्थित न्यू विजय नगर में किराए से रहती हैं। ऐहतियात के तौर पर विजय नगर पूरी तरह लॉक कर दिया गया। यहां एंट्री पॉइंट पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। मकान मालिक से पूछताछ की तो बोले कि उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कोई नहीं आया। नर्स जिस कमरे में रहती हैं, उससे सटा एक और कमरा है, उसमें भाई-बहन रहते हैं। युवक ने बताया कि जब से नर्स कोरोना पॉजिटिव आई हैं, उन्हें डर सता रहा है। वह और उनकी बहन खुद चेकअप कराने के लिए जेएएच पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने कहा- जब कुछ लक्षण दिखे तब चेकअप के लिए आना।

शहर में कोरोना का पहला मरीज मिला है। इसके बाद कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। यह मरीज मिलते ही शहर के वार्ड क्रमांक 7 गवोईपुरा और उससे लगे क्षेत्र को सील कर दिया है। उसके परिवार के सदस्यों को भी घर से निकाल कर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. एके शर्मा ने बताया कि शहर के वार्ड क्रमांक 6 गवोईपुरा निवासी 45 साल का एक व्यक्ति मंगलवार सुबह सर्दी-खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। यहां पर उसे भर्ती कर लिया। कोरोना जैसे लक्षण होने पर उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए। बुधवार शाम को पॉजीटिव रिपोर्ट आई है। उसे भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि मरीज की कॉन्ट्रैक्ट और ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में पता लगाया जा रहा है।