लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस का दूसरा दिन:शाह भाषण देंगे; वोटर वेरिफिकेशन के खिलाफ सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन

0
150

TIO नई दिल्ली

लोकसभा में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन ऑपरेशन सिंदूर पर बहस होगी। दोपहर 12 बजे गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे। PM मोदी आज शाम समापन भाषण देंगे। हालांकि वे किस सदन में बात रखेंगे यह फिलहाल साफ नहीं है।
मंगलवार सुबह भी विपक्ष ने वोटर वेरिफिकेशन के मुद्दे को लेकर संसद के मकर द्वार के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसद हाथ में पोस्टर लिए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे की चर्चा 28 जुलाई की दोपहर 2 बजे से देर रात 12:52 बजे तक चली थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में बहस की शुरुआत की थी। विपक्ष की तरफ से कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने बहस की शुरुआत की थी। केंद्र की तरफ से राजनाथ सिंह के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, भाजपा सांसद बैजयंत पांडा, अनुराग ठाकुर, JDU सांसद ललन सिंह सहित कई नेताओं ने सरकार का पक्ष रखा था।
विदेश मंत्री का दावा- ट्रम्प और PM मोदी के बीच बातचीत नहीं हुई
सीजफायर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावों पर विदेश मंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल से 17 जून तक ट्रम्प और PM मोदी के बीच बातचीत नहीं हुई। न ही, भारत की अमेरिका से व्यापार पर चर्चा हुई।
विपक्ष की तरफ से, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई, दीपेंद्र हुड्डा, प्रणीति शिंदे, NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले, TMC सांसद कल्याण बनर्जी और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी सहित कई नेताओं ने सरकार को घेरा।
गोगोई ने कहा- अमेरिकी राष्ट्रपति 26 बार कह चुके हैं कि उन्होंने सीजफायर करवाया। PM मोदी बताइए, अगर पाकिस्तान अपने घुटने टेकने के लिए तैयार था, तो आपने किसके सामने सरेंडर किया।
महुआ माझी बोलीं- सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा का एक हफ्ता बर्बाद कर दिया
JMM सांसद महुआ माझी ने कहा- सत्तारूढ़ दल ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए एक हफ्ता बर्बाद कर दिया, जो अब हो रहा है। हमारी भी मांग है कि बिहार SIR पर भी अब चर्चा हो और वह भी होनी चाहिए। चुनाव आयोग को इस मामले में गंभीरता से काम करना चाहिए।
कांग्रेस MP बोले- सरकार ने हमारे सैनिकों को मौत के मुंह में डाला
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा- अगर यह मजाक नहीं है, तो क्या है? आपने हमारे सैनिकों को मौत के मुंह में डाल दिया और अब आप कह रहे हैं कि आपकी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमारे विमानों ने दूर से हमला किया। हम केवल वही दोहरा रहे हैं जो सरकार ने खुद कहा है, इससे ज्यादा कुछ नहीं, इससे कम भी नहीं।
कांग्रेस सांसद बोले- ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार जबाव दे
संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा- हम चाहते हैं कि चर्चा जारी रहे, लेकिन सरकार चर्चा को रोकने की कोशिश कर रही है। वे सवालों के जवाब नहीं दे रहे थे। वे बस गोल-मोल बातें कर रहे थे। उन्हें कांग्रेस पार्टी के सवालों का जवाब देना चाहिए।
बिहार में SIR मुद्दे के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
मंगलवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले बिहार में SIR के मुद्दे पर कांग्रेस, DMK, TMC, RJD और विपक्ष में शामिल अन्य पार्टियों के सांसदों ने मकर द्वार की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया और ‘वोट की चोरी बंद करो’, ‘SIR वापस लो’ जैसे नारे लगाए। सांसदों ने ‘वोट लूट बंद करो’ लिखी तख्तियां और चुनाव आयोग और सरकार के बीच कथित ‘मिलीभगत’ वाली तख्तियां भी ले रखी थीं।